Breaking
3 Mar 2026, Tue

जिला जेल देवास में अधिकारी/कर्मचारी केंटीन संस्था का शुभारंभमहानिदेशक जेल वरूण कपूर ने फीता काटकर किया उद्घाटन, बंदियों को 15 दिवस विशेष परिहार की घोषणा

देवास। जिला जेल में जिला जेल अधिकारी/कर्मचारी केंटीन संस्था मर्यादित, देवास का उद्घाटन समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरूण कपूर, महानिदेशक जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं, म.प्र. भोपाल रहे। उनके साथ श्रीमती कपूर एवं मनोज साहू, जेल अधीक्षक, केन्द्रीय जेल उज्जैन भी उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि का स्वागत जेल अधीक्षक विद्याभूषण प्रसाद एवं उपअधीक्षक अनिल दुबे द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। तत्पश्चात महानिदेशक ने फीता काटकर बंदी केंटीन का विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान महिला एवं पुरुष बंदियों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनकी मुख्य अतिथि ने सराहना की।जेल अधीक्षक श्री विद्याभूषण प्रसाद ने अपने संबोधन में कहा कि केंटीन संस्था केवल सुविधा नहीं, बल्कि एक सकारात्मक सुधारात्मक पहल है। इसके माध्यम से बंदियों को दैनिक उपयोग की वस्तुएं—बिस्किट, नमकीन, सेव, टोस्ट, मिठाई, मौसमी फल, सलाद, कॉस्मेटिक सामग्री, पूजन सामग्री, सौंफ, सुपारी, लौंग, इलायची, आंवला आदि—उपलब्ध कराई जाएंगी। इसका उद्देश्य बंदियों के स्वास्थ्य संरक्षण एवं नशामुक्ति को बढ़ावा देना है। उन्होंने बताया कि जेल की आधारभूत सुविधाओं के उन्नयन हेतु विभिन्न प्राक्कलन जेल मुख्यालय भोपाल को स्वीकृति के लिए प्रेषित किए गए हैं। गौशाला में पशुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए नवीन शेड निर्माण तथा कर्मचारियों के जर्जर आवासों की मरम्मत एवं नए आवास निर्माण हेतु भी प्रस्ताव भेजे गए हैं। मुख्य अतिथि श्री वरूण कपूर ने अपने संबोधन में कहा कि जेल केवल दंड देने का स्थान नहीं, बल्कि सुधारगृह है, जहां शिक्षा, कौशल विकास, मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं एवं नैतिक-धार्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से बंदियों को समाज की मुख्यधारा में पुनर्स्थापित किया जाता है। उन्होंने प्रहरी संवर्ग को पुलिस विभाग के समान 13 माह वेतन स्वीकृति, कर्मचारियों के आवासों के लिए राशि आवंटन तथा जिला जेल देवास द्वारा भेजे गए प्रस्तावों को स्वीकृति देने का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने जिला जेल देवास में निरुद्ध दंडित बंदियों को 15 दिवस के विशेष परिहार (रिमिशन) की घोषणा की। कार्यक्रम के अंत में महानिदेशक महोदय ने समस्त जेल स्टाफ, पत्रकारगण एवं बंदी भाई-बहनों को होली पर्व की शुभकामनाएं दीं तथा परेड की सराहना की। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती वैशाली भारद्वाज (फार्मासिस्ट) द्वारा किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री एच.एन बाथम सहित जेल का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।