देवास। जिले में नशा मुक्ति व जन जागरूकता को लेकर चलाए जा रहे अभियान रन फॉर अवेयनेस, रन फॉर लाईफ के अंतर्गत हार्दिक पब्लिक स्कूल, संवरसी की सक्रिय भागीदारी को देखते हुए देवास पुलिस प्रशासन ने स्कूल को सम्मानित किया। इस विशेष आयोजन का संचालन मप्र पुलिस, देवास पुलिस कमिश्नर एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में हिन्द फौज द्वारा किया गया। 29 जुलाई को आयोजित इस कार्यक्रम में नशे के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने हेतु 3 किलोमीटर की रेस तीन आयु वर्गों में आयोजित की गई। इस दौड़ में हार्दिक पब्लिक स्कूल के कुल 84 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और समाज को एक सकारात्मक संदेश दिया। स्कूल के संचालक लखन मालवीय के नेतृत्व में बच्चों ने इस मुहिम में अपना पूर्ण योगदान दिया। कार्यक्रम के दौरान देवास पुलिस कमिश्नर ने हार्दिक पब्लिक स्कूल के संचालक लखन मालवीय को समाजहित में किए गए योगदान के लिए सम्मानित किया और भविष्य में भी इसी तरह सामाजिक सरोकारों से जुड़े रहने की कामना की। इस सम्मान के उपरांत स्कूल स्टाफ, छात्र-छात्राओं के अभिभावकों एवं गाँव के समाजजन ने श्री लखन मालवीय एवं उनकी टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।

