Breaking
31 Dec 2025, Wed

जिले में हरियाली अमावस्या पर नवांकुर सखी हरियाली यात्रा का शुभारंभ

देवास। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष मोहन नागर के मार्गदर्शन में नवांकुर सखी हरियाली यात्रा का शुभारंभ हरियाली अमावस्या के पावन अवसर पर देवास जिले के ग्राम खटांबा और राजोदा में किया। इस अवसर पर जिले के सभी विकासखंडों में सेक्टर स्तर पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। ग्राम राजोदा में आयोजित मुख्य कार्यक्रम की शुरुआत महाकाल भगवान एवं मां सरस्वती की पूजा-अर्चना से हुई। इसके पश्चात कलश यात्रा निकाली गई, बेलपत्र बीज और पौधे वितरित किए गए तथा “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण किया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. सुश्री सुनीता गुप्ता, टास्क मैनेजर, मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, उपस्थित रहीं। विशेष अतिथि श्रीमती अजीता परमार, शासकीय निकाय सदस्य एवं शिव प्रसाद मालवीय, संभाग समन्वयक, सचिन शिम्पी, जिला समन्वयक, रविन्द्र सिंह भाटी (भाजपा मंडल अध्यक्ष, राजोदा), और दीपक सिंह ठाकुर की गरिमामय उपस्थिति रही। डॉ. सुनीता गुप्ता ने बताया कि नवांकुर सखी कार्यक्रम पूरे प्रदेश के 313 विकासखंडों में संचालित हो रहा है, जिसका उद्देश्य है प्रदेश को हरा-भरा बनाना। उन्होंने कहा कि इस अभियान में नवांकुर सखियों की अहम भूमिका है। विशेष अतिथि अजीता परमार ने बीजारोपण से पौधों की नर्सरी तैयार करने और उससे पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं संभाग समन्वयक शिव प्रसाद मालवीय ने पौधे को बच्चों की तरह पालने की तुलना करते हुए इसके संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में देवेंद्र भंडारी, पूजा बैरागी, नीलम चौहान, धर्मेंद्र सिंह राजपूत, नीरज बैरागी, रविन्द्र सिंह, प्रतिभा ठाकुर, प्रगति कुंडल, पंकज प्रधान, पलक सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संस्था संकल्प कायाकल्प द्वारा कार्यक्रम में सहयोग प्रदान किया गया। संचालन केपी सिंह राजपूत द्वारा तथा आभार प्रदर्शन ब्लॉक समन्वयक श्रीमती नीलम सोनी ने किया। इसी श्रृंखला में विकासखंड बागली, सोनकच्छ, टोंकखुर्द, कन्नौद एवं खातेगांव में भी सेक्टर स्तर पर सफलतापूर्वक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन बड़ी संख्या में शामिल हुए।