Breaking
31 Dec 2025, Wed

भगवान शिव के कल्याणकारी महामंत्रों से सुसज्जित पत्रकों का वितरण कल


देवास। 
श्रावण मास में भगवान भोलेनाथ की आराधना पूरे भक्ति भाव के साथ की जाती है। यह पवित्र माह स्वयं भगवान शिव को समर्पित होता है। कहा जाता है कि इस अवधि में की गई उपासना, जप, तप और ध्यान अत्यंत फलदायी होती है। इसी भाव के साथ सुप्रसिद्ध भजन गायक संजय कुमार जैन ‘लख्खाजी’ पवित्र श्रावण मास के द्वितीय सोमवार को भगवान शिव के कल्याणकारी महामंत्रों से युक्त पत्रकों का वितरण करेंगे। संस्था जय गणेश नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर समिति के संयोजक अशोक पोरवाल ने बताया कि 21 जुलाई, सोमवार को राजाराम नगर निकुंज गार्डन के पास स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर पर रात्रि 8.20 पर 108 दीपकों से महादेव की महाआरती के साथ छप्पन भोग लगाया जाकर प्रसादी का वितरण होगा। तत्पश्चात भजन गायक लख्खाजी द्वारा भगवान शिव के कल्याणकारी महामंत्रों से युक्त पत्रकों का वितरण भी किया जाएगा। आयोजन समिति ने समस्त शिवभक्तों से आग्रह किया है कि नगर के समस्त श्रद्धालुजन भूतभावन भगवान भोलेनाथ के दर्शनकर महाआरती व छप्पन भोग प्रसादी का लाभ लेवे। लख्खाजी ने बताया कि शिव पुराण में स्पष्ट उल्लेख है कि भगवान शिव के मंत्रों का उच्चारण करने से जीवन में शुभता का संचार होता है और समस्त विघ्न-बाधाएं स्वत: दूर हो जाती हैं। देवाधिदेव महादेव अत्यंत सहज और शीघ्र प्रसन्न होने वाले देव हैं। सावन में उनके नाम का जप साधकों के लिए विशेष रूप से कल्याणकारी माना जाता है। इसी कड़ी में प्रतिवर्ष श्रावण मास में लख्खाजी ने श्री खेड़ापति हनुमान मंदिर एवं पीपली बाजार चौराहा स्थित श्री पिपलेश्वर महादेव मंदिर, बजरंगपुरा में श्रद्धालुओं को महामंत्र के पत्रक वितरित कर चुके है। यह अभियान सतत रूप से जारी रहेगा।