Breaking
31 Dec 2025, Wed

शौचालय योजना में घोटाले का आरोप, पार्षदों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप

देवास। नगर परिषद करनावद में शासन की महत्वपूर्ण योजना के तहत गरीब हितग्राहियों को दी जाने वाली शौचालय निर्माण राशि में भारी अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं। यह गंभीर आरोप करनावद के पार्षद भैरूलाल पाटीदार (वार्ड 03) और रेहमत उल्ला खान (वार्ड 02) ने जिला कलेक्टर देवास को एक लिखित आवेदन के माध्यम से लगाए हैं। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, नगर परिषद को शासन से गरीब व्यक्तियों के लिए शौचालय निर्माण हेतु राशि प्राप्त हुई थी, जिसके लिए कई पात्र हितग्राहियों ने आवेदन किया था। लेकिन मात्र 100 लाभार्थियों को चयनित किया गया और आरोप है कि इन चयनित नामों में कई पार्षदों व उनके रिश्तेदारों के नाम जोडक़र अवैध रूप से सरकारी राशि हड़प ली गई। आवेदन में जिन जनप्रतिनिधियों पर आरोप लगाए गए हैं है कि दिनेश गिरी (पार्षद प्रतिनिधि, वार्ड 08) 6,000 रूपए की राशि अपने खाते में जमा कराई। अनिल गोस्वामी (पार्षद पुत्र) 6,000 रूपए की अवैध रूप से प्राप्ति। देवकरण साहनी (पार्षद प्रतिनिधि, वार्ड 13 एवं शासकीय शिक्षक) ने 7,000 रूपए की राशि पत्नी पुष्पा साहनी के खाते में जमा कराई, जो स्वयं पार्षद और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता हैं। बाबूलाल भामोर (पार्षद, वार्ड 12) पत्नी के नाम पर 6,000 की राशि प्राप्त की गई। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि नगर परिषद के अध्यक्ष परसराम पाटीदार और मुख्य नगर पालिका अधिकारी की मिलीभगत से यह घोटाला हुआ है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि सरकारी योजनाओं का लाभ केवल गरीब हितग्राहियों को मिलना चाहिए, लेकिन इन जनप्रतिनिधियों ने अपने पद का दुरुपयोग कर अपने व अपने परिजनों के खातों में राशि डलवा ली। शिकायतकर्ताओं ने जिलाधीश से मांग की है कि दोषी पार्षदों व संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, उन्हें उनके पदों से हटाया जाए, और जो वास्तविक हितग्राही योजना से वंचित रह गए हैं उन्हें प्राथमिकता से लाभ दिलाया जाए।