Breaking
31 Dec 2025, Wed

लोकल यूथ सर्वेयरो ने पक्की सरकारी नौकरी के लिए दिया ज्ञापन, बिना नोटिस के हटाए जाने पर भी जताई आपत्ति

देवास। लोकल यूथ महासंघ मप्र (राजस्व सहायक कर्मचारी) के प्रांतीय आव्हान पर लोकल-यूथ-सर्वेयर ने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर से मुलाकात कर जिलाध्यक्ष गोरेलाल भूसारिया के नेतृत्व में ज्ञापन सौपा। सर्वेयरों ने प्रदेशभर में डिजिटल क्रॉप सर्वे (खरीफ, रबी, जायद) हेतु जुलाई 2024 में शासन के आदेश के तहत एमपी भू अभिलेख पोर्टल के माध्यम से नियुक्त किए गए लोकल यूथ सर्वेयर ने अपनी मानवीय और रोजगार संबंधी मांगों को लेकर शासन-प्रशासन से न्यायोचित व्यवहार की अपील की है। लोकल यूथ सर्वेयरों ने बताया कि उन्होंने शासन द्वारा सौंपे गए कार्य डिजिटल क्रॉप सर्वे खरीफ 2024, रबी 2025, जायद 2025, फॉर्मर आईडी, आरओआर केवाईसी को अत्यंत कठिन परिस्थितियों में भी समय-सीमा के भीतर पूरी ईमानदारी और तत्परता से पूरा किया है। बावजूद इसके, उन्हें स्थायी रोजगार का कोई आश्वासन नहीं मिला है और इन्सेंटिव आधारित व्यवस्था के कारण वे आर्थिक और मानसिक संकट से गुजर रहे हैं। लोकल यूथ सर्वेयरों ने प्रमुख माँगें रखी कि सर्वेयरों को नियमित रूप से रोजगार प्रदान किया जाकर मासिक वेतन निर्धारित किया जाए। प्रत्येक लोकल यूथ को औपचारिक नियुक्ति पत्र प्रदान किया जाए, जिससे उनकी सेवाएं वैधानिक रूप से मान्य हों। लोकल यूथ को राजस्व सहायक का दर्जा प्रदान किया जाए, ताकि उनके कार्यों को वैधानिक पहचान मिले। नवीन नियुक्ति की प्रथा समाप्त हो। बिना ठोस कारण व नोटिस के किसी भी सर्वेयर को हटाया न जाए। सर्वेयरों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि उनके रोजगार को लेकर जारी अनिश्चितता समाप्त की जाए और उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर प्रदान किया जाए। इस दौरान वेदप्रकाश यादव, लंकेश मंडलोई, विनोद गुर्जर, विजय जानोलिया, संजय राठौर, चेतन चौहा, राजपाल सिंह राजपूत, रविंद्र यादव, करण यादव, दिलीप नागदिया, योगेश गुर्जर, मुकेश कर्मा सहित बडी संख्या में लोकल यूथ सर्वेयर उपस्थित थे।