Breaking
31 Dec 2025, Wed

दो सगे मासूम भाई बहन की संदिग्ध हालत में मौत, रात को सोए सुबह मृत मिले, जाँच में जुटी पुलिस


देवास। सगे भाई-बहन की देवास में मौत हो गई। दोनों शुक्रवार रात बर्थडे पार्टी से लौटकर मां के साथ सो गए थे। शनिवार सुबह नहीं उठे। दोनों बच्चों को संस्कार हॉस्पिटल ले जाया गया, यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पड़ोसी रीना और उनके पति राकेश ने बताया कि रात को वे सभी पास रहने वाले एक बच्चे का जन्मदिन मनाकर घर लौटे थे। सुबह करीब 7 बजे बच्चों की मां प्रिया यादव ने उन्हें बताया कि निशा (3) और हेमंत (7) रात को सोए थे, जो सुबह उठ नहीं रहे हैं।
औद्योगिक थाना प्रभारी शशिकांत चौरसिया ने बताया, मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मामला संदिग्ध है, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में ही मौत के कारणों का पता चलेगा। मथुरा की रहने वाली प्रिया यादव ने बताया कि वह दोनों बच्चों के साथ देवास के ढांचा भवन में विक्की जगदाले के मकान में किराए पर रहती है। उसने पति विष्णु कटारा से प्रेम विवाह किया था, लेकिन विवाद के कारण पति से अलग हो गई। दो साल से उनसे कोई संपर्क नहीं है। नौकरी के लिए पहले पीथमपुर और फिर नौकरी देवास आ गई। पीथमपुर में रहकर कैंटीन में काम करती थी। मायका मथुरा में है और ससुराल मुरैना में। कल रात को बच्चों के साथ पड़ोसी के बच्चे के जन्मदिन में गई थी। यहां सभी ने केक और बाद में दाल बाटी खाई। दोनों दूसरे बच्चों के साथ खेले भी। फिर घर आकर सो गए। रात करीब 2 बजे बेटा बिस्तर के नीचे आ गया, मैंने उसे वापस बिस्तर पर सुलाया। सुबह दोनों बच्चों को स्कूल जाने के लिए उठाया तो उनमें कोई हलचल नहीं थी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों बच्चों का 17 जुलाई को ही शहर के एक निजी स्कूल में एडमिशन हुआ था। हेमंत पहली कक्षा और निशा नर्सरी में पढ़ाई कर रही थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। जयप्रकाश नगर में सरस्वती मन मंदिर स्कूल के संचालक जगत सिंह वर्मा ने बताया कि 17 जुलाई को ही दो बच्चों हेमंत और निशा का एडमिशन स्कूल में उनकी मां प्रिया यादव ने करवाया था। शुरुआत में उन्होंने दोनों के एडमिशन के लिए 500-500 रुपए जमा किए थे। बच्चे 2 से 4 दिन स्कूल आए, उसके बाद वह स्कूल नहीं आ रहे थे। मां ने स्कूल में दस्तावेज भी अधूरे दिए थे।