- किसानों को भावांतर योजना अंतर्गत राशि खाते में निरंतर अंतरित की जाएगी
- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश एक लाख 33 हजार किसानों के खातों में 233 करोड़ रूपये की राशि अंतरित की
देवास। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बीता हुआ कल का दिन और आज का दिन बहुत ही अभूतपूर्व है। गत दिवस प्रदेश की लाड़ली बहनाओं को 1500 रुपए की राशि उनके खातों में अंतरित की गई है और आज प्रदेश के किसानों के खातों में भावांतर की राशि अंतरित की जा रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सीमा पर जवान और खेत में किसान दोनों बराबर है। धरतीपुत्र किसानों से हमारी संस्कृति की अलग पहचान बनी है। किसानों की मेहनत के पैसे उनके खाते में दिए जा रहे हैं। देश में प्रदेश की पहचान किसान भाईयों की अथक मेहनत से बनी है और उनके प्रयासों से प्रदेश को सोयाबीन स्टेट की पहचान प्राप्त हुई है। सरकार ने 15 दिन के अंदर मॉडल रेट तैयार करने का वादा किया था, उसी अनुसार कृषकों के खातों में राशि दी जा रही है। किसान भाइयों से 15 जनवरी तक सोयाबीन की उपज खरीदी जाएगी। यह उदबोधन मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भावांतर योजना अंतर्गत 01 लाख 33 हजार किसानों खातों में 233 करोड़ की राशि अंतरण के लिए देवास में आयोजित प्रदेश स्तरीय भावांतर योजना भुगतान कार्यक्रम में दिया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देवास के विकास के लिए 183 करोड़ 25 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया जा रहा है। प्रदेश में नरवाई प्रबंधन और किसानों की आय बढ़ाने के लिए सीएनजी प्लांट एवं अन्य विकास कार्य किए जाएंगे। प्रदेश सरकार द्वारा प्राकृतिक खेती, जैविक खेती, पशु पालन और गोपालन को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। देश का 20 प्रतिशत दुग्ध उत्पादन प्रदेश में किया जाए इस कार्य योजना पर प्रदेश सरकार द्वारा निरतंर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गौ पालन को बढ़ावा देने के लिए सरकार मदद कर रही है और दूध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए 10 लाख रुपए की राशि सरकार द्वारा अनुदान में दी जाएगी। अभी 11 जिलों में कोदो कुटकी की एमएसपी पर खरीदी की जा रही है और 1000 बोनस भी दिया जा रहा है। गेहूं की फसल की एमएसपी भी प्रत्येक वर्ष सतत बढ़ाकर 2700 रुपए प्रति क्विंटल खरीदा जाएगा।
भावांतर योजना किसान कल्याणकारी योजना है
किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग के मंत्री श्री एदल सिंह कंषाना ने कहा कि भावांतर योजना एक किसान कल्याणकारी योजना है। मध्य प्रदेश भारत का पहला प्रदेश है जहां भावांतर की राशि किसानों को दी जा रही है। भावांतर योजना का प्रदेश में सफल क्रियान्वयन विभिन्न राज्यों के लिए प्रेरणादायी बना है और विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधिगण इस योजना के क्रियान्वयन को देखने के लिए आ रहे हैं।
सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि आज इतिहास रचने वाला है। किसानों को देवास से भावांतर की राशि दी जा रही है। यह योजना देश भर में अपनी छाप छोड़ेगी और प्रदेश की नवीन पहचान बनाएगी। हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि यहां से प्रदेश के किसानों को राशि दी जा रही है।
विधायक श्रीमती गायत्री राजे पवार ने कहा कि देवास का गौरव है कि आज देवास से प्रदेश के किसानों को भावांतर योजना की राशि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी द्वारा अंतरित की जा रही है। उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा लाभ किसानों देवास मंडी को मिल रहा है। इसके लिए मुख्यमंत्री जी का धन्यवाद। विकास की यात्रा में देवास कदम से कदम मिलाकर चल रहा है। प्रदेश सरकार महिलाओं के हित में एवं महिला सशक्तिकरण के लिए कार्य कर रही है। देवास को भी मुख्यमंत्री जी द्वारा बहुत सी सौगातें दी गई है। कई विकास कार्यों का भूमि पूजन किया गया है। देवास का विकास तेजी से हो रहा है।
183 करोड़ 25 लाख रूपये की लागत के आठ विकास कार्यों का किया भूमिपूजन
मुख्यमंत्री यादव ने देवास में 183 करोड़ 25 लाख रूपये की लागत के 08 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। उक्त विकास कार्यों में देवास में उज्जैन तिराहा से नागुखेड़ी बायपास मार्ग का निर्माण कार्य, ग्राम जनोई में देवास कायथा मार्ग से श्रीराम मंदिर मार्ग का निर्माण कार्य, ग्राम खजुरिया जागीर से तुमड़ावदा मार्ग का निर्माण कार्य, नगर निगम देवास क्षेत्र में एसएसटीडी योजना अंतर्गत 33 केवी मोनो पोल (औद्योगिक क्षेत्र में प्रणाली को सुदृढ़ बनाने के लिए), पुलिस लाइन देवास में 16 जी.ओ. आवास, 160 आरक्षक आवास गृह निर्माण कार्य, देवास में असंगठित श्रमिकों के लिए रेन बसेरा, देवास में 100 बिस्तरीय वर्किंग वुमन हॉस्टल का भूमिपूजन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कन्या पूजन और वंदे मातरम गायन से हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने जैविक खेती कर रहे किसानों को प्रमाण पत्र दिए। विभिन्न योजनाओं में ऋण स्वीकृति प्रमाण पत्र का वितरण हितग्राहियों को किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव हेलीपेड से सभास्थल तक रथ पर सवार होकर पहुंचे। इस दौरान नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में युवा संगम का आयोजन भी किया गया, जिसमें जिले के 206 युवाओं को विभिन्न कंपनियों के रोजगार मिला। भावांतर योजना अंतर्गत गत दिवस तक प्रदेश के 2 लाख 36 हजार 774 किसानों के खाते में 4081545.033 क्विंटल सोयाबीन उपज बेची। वहीं जिले के 16 हजार 678 किसानों ने 321343.265 क्विंटल सोयाबीन की उपज बेची।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कृषि यंत्रों एवं अन्य प्रदर्शनियों का किया अवलोकन
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कृषि यंत्रों में रोटावेटर, ड्रोन, सुपर सीडर, ब्रोड बेड फरो प्लांटर, मल्चर, फर्टीलाइजर ब्राड कास्टर, भूसा लोडर, लेजर एंड लेवलर, स्वचलित टूलबार, स्व चलित स्प्रेयर, राउंड बेलर, चीफ कटर, सीड ग्रेडर, स्लेशर, स्टॉरीपर, रीपर कम बाइंडर, स्प्रे पंप, सीड ग्रेडर विथ कन्वेयर, डिस्क प्लाउ सहित अन्य यंत्रों का अवलोकन किया। इस साथ ही कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा लगाई गई जैविक खेती प्रदर्शनी, प्राकृतिक खेती की प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा किसानों से चर्चाकर उन्हें आधुनिक कृषि और कृषि यंत्रीकरण के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर हजारों की संख्या में कृषकगण, लाड़ली बहनों के साथ जनप्रतिनिधि सोनकच्छ विधायक डॉ. राजेश सोनकर, हाटपीपल्या विधायक श्री मनोज चौधरी, बागली विधायक श्री मुरली भंवरा, जिला अध्यक्ष श्री रायसिंह सेंधव, किसान संघ के अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लीला अटारिया, महापौर श्रीमती गीता अग्रवाल, सभापति श्री रवि जैन, श्री दुर्गेश अग्रवाल, राजीव खंडेलवाल, नरेंद्र सिंह राजपूत, राजेश यादव, मनीष सोलंकी, नंदकिशोर पाटीदार, श्री बहादुर मुकाती, सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। इस अवसर पर कृषि विभाग के सचिव श्री निशांत वरवड़े, संभागायुक्त आशीष सिंह, आईजी उमेश जोगा, डीआईजी नवनीत भसीन, कलेक्टर ऋतुराज सिंह, पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद, सीईओ जिला पंचायत ज्योति शर्मा, नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार, अपर कलेक्टकर शोभाराम सोलंकी, अपर कलेक्टरर संजीव जैन, एएसपी जयवीर सिंह भदौरिया, एसडीएम श्री आनंद मालवीय सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

