देवास। उज्जैन रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक नवनीत भसीन गुरुवार को देवास जिले के आधिकारिक दौरे पर पहुंचे। उन्होंने सर्वप्रथम जिला कंट्रोल रूम सभागार में सभी राजपत्रित और प्रमुख पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में भसीन ने आगामी त्योहारों, भीड़-भाड़ वाले आयोजनों और वर्ष के अंत में बढऩे वाली कानून-व्यवस्था संबंधी चुनौतियों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखने, गश्त व्यवस्था को मजबूत करने और लंबित व गंभीर मामलों का त्वरित तथा गुणवत्तापूर्ण निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध की रोकथाम और सामुदायिक पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने के लिए भी महत्वपूर्ण सुझाव दिए। बैठक के बाद, डीआईजी भसीन ने बैंक नोट प्रेस (बीएनपी) थाने का निरीक्षण किया। उन्होंने थाना भवन, अभिलेख, सीसीटीवी व्यवस्था, मालखाना, थाना रिकॉर्ड और साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि थानों को जनता के लिए सहज, सुरक्षित और विश्वासपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने थाना प्रभारी और उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों से उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी भी ली, जिनका समाधान प्रशासनिक स्तर पर किया जा सकता है। दौरे के अंतिम चरण में, पुलिस उपमहानिरीक्षक ने यातायात प्रबंधन को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल के तहत ‘यातायात जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर आमजन को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट और सीटबेल्ट के अनिवार्य उपयोग, तेज गति से वाहन चलाने से बचने और सडक़ सुरक्षा के अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं के प्रति जागरूक करेगा। भसीन ने कहा कि सडक़ दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जन जागरूकता सबसे प्रभावी उपाय है और यह अभियान जनता के व्यापक हित में निर्णायक भूमिका निभाएगा।
डीआईजी पहुंचे देवास, कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण पर की समीक्षा- यातायात जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया

