Breaking
1 Mar 2026, Sun

अवैध हथियारों का जखीरा बरामद, कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई

देवास। अवैध हथियारों के एक बड़े जखीरे का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 6 देशी पिस्टल, एक रिवॉल्वर, एक देशी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। यह कार्रवाई शहर में हथियारों की आपूर्ति से पहले की गई।पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद ने अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में, 2 जनवरी 2026 को थाना कोतवाली को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि मोती बंगला रेलवे पटरी के पास एक व्यक्ति अवैध हथियार लेकर घूम रहा है।सूचना की गंभीरता को देखते हुए, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) जयवीर सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक देवास सुमित अग्रवाल के निर्देशन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक श्यामचन्द्र शर्मा के नेतृत्व में एक टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी। पुलिस को देखकर संदिग्ध व्यक्ति भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम रोहित उर्फ बच्चा (26 वर्ष, निवासी बद्रीधाम एक्सटेंशन, जवाहर नगर, देवास) बताया। उसकी तलाशी में एक देशी पिस्टल जब्त की गई। पुलिस पूछताछ में रोहित ने उज्जैन रोड ब्रिज की सीढ़ियों के नीचे छुपाकर रखी गई दो देशी पिस्टल, एक रिवॉल्वर और दो जिंदा कारतूस बरामद करवाए। उसने अपने साथी विनित बाथम को भी हथियार देने की जानकारी दी। इसके बाद, पुलिस टीम ने क्रिश्चियन कब्रिस्तान के पास से विनित पिता पवन बाथम (20 वर्ष, निवासी ज्ञान सागर स्कूल के पास, मुखर्जी नगर, देवास) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस जब्त किया गया। विनित की निशानदेही पर विजयनगर स्थित पोस्टल कॉलोनी के पुराने खंडहर से दो देशी पिस्टल और एक देशी कट्टा भी बरामद किया गया। बरामद किए गए हथियारों के संबंध में कोई वैध लाइसेंस नहीं पाया गया। इस पर आरोपियों के खिलाफ थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 05/2026, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है