देवास। अश्विन माह की अमावस्या के पावन अवसर पर देवास स्थित माँ क्षिप्रा नदी घाट पर सार्वजनिक निःशुल्क पितृ तर्पण अनुष्ठान का भव्य आयोजन सम्पन्न हुआ। इस आयोजन की मुख्य जिम्मेदारी श्री सनातन सामाजिक रक्षा मंच एवं माँ क्षिप्रा नदी बचाओ फाउंडेशन ने संयुक्त रूप से निभाई। आयोजन समिति के अनुसार तर्पण अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। उपस्थित जनों ने अपने पितरों के प्रति श्रद्धा प्रकट करते हुए जल अर्पण किया और पुण्य लाभ अर्जित किया। पूरे माहौल में वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस अनुष्ठान का विधिवत संचालन आचार्य पंडित संदीप शास्त्री, पं. कमलेश शर्मा द्वारा किया गया! कार्यक्रम में स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ-साथ दूर-दराज से आए भक्तों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए पितरों के प्रति आस्था व्यक्त की। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मनोज श्रीवास्तव तथा विशेष अतिथि मानव अधिकार प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव संदीप उपाध्याय थे। अनुष्ठान को सफल बनाने में कुंवर महेंद्र राजपूत, अशोक शर्मा, इंद्रजीत सोलंकी, उपेंद्र भावसार, लखन शर्मा, रिषभ शर्मा, राजेश बरना एवं श्री सय्यद का विशेष सहयोग रहा।

