देवास। करणी सेना के कार्यकर्ताओं पर हरदा में हुए लाठीचार्ज और गिरफ्तारी के विरोध में रविवार को देवास में करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने इंदौर-भोपाल बायपास चौराहे पर चक्का जाम कर दिया। इस दौरान दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कार्यकर्ताओं के समझाइश के बाद भी नहीं मानने पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर उन्हें हटाया।पुलिस और प्रशासन की समझाइश बेअसरसूचना मिलते ही बीएनपी थाना प्रभारी अमित सोलंकी और यातायात थाना प्रभारी पवन बागड़ी सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने नाराज कार्यकर्ताओं से बातचीत की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने। एडीएम बिहारी सिंह भी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से चर्चा की, लेकिन कार्यकर्ता भोपाल बायपास पर डटे रहे। प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं का कहना था कि हरदा में वे शांतिपूर्ण तरीके से बात करने गए थे, लेकिन पुलिस ने लाठीचार्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। उनकी मांग थी कि उन्हें भी गिरफ्तार किया जाए। इस दौरान 100 से अधिक कार्यकर्ता करीब 30 मिनट तक इंदौर-भोपाल बायपास चौराहे पर बैठे रहे। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बसों में बैठे यात्री परेशान नजर आए। जब कार्यकर्ता लगातार समझाइश के बाद भी नहीं माने, तो पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर उन्हें खदेड़ा। पुलिस की कार्रवाई के बाद कार्यकर्ता मौके से भाग गए। इसके बाद पुलिस ने रुका हुआ यातायात फिर से शुरू करवाया।एएसपी जयवीर सिंह भदौरिया ने बताया कि कुछ करणी सैनिकों ने भोपाल चौराहे पर जाम किया था। उनके नेता जिनके ऊपर कार्रवाई हुई है, आंदोलन उसको लेकर था। इन्हें पहले समझाया, जब मौके से नहीं हटे तो, हटाया गया। फिलहाल स्थिति सामान्य है। मामले में कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया है और कुछ वाहनों से डंडे जब्त करके वाहन भी जब्त किए है। हमने इसकी वीडियोग्राफी भी करवाई है।
करणी सेना कार्यकर्ताओं पर हरदा में हुए लाठीचार्ज के विरोध में देवास में कार्यकर्ताओं ने किया हाईवे जाम, पुलिस ने किया बल प्रयोग

