Breaking
1 Jan 2026, Thu

नवरात्रि में भाई–बहन के रिश्ते पर अमर्यादित टिप्पणी करने वाले मंत्री कैलाश विजयवर्गीय माफी मांगे- महिला कांग्रेस

देवास। प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा श्री राहुल गांधी एवं उनकी बहन श्रीमती प्रियंका गांधी को लेकर की गई अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में देवास महिला कांग्रेस ने कड़ा रोष व्यक्त किया है। महिला कांग्रेस की नेता एवं पूर्व महापौर रेखा वर्मा तथा महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना गलोदिया ने अपनी महिला साथियों के साथ पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि “नवरात्रि के पावन अवसर पर जब पूरा देश मां दुर्गा की आराधना में लीन है, ऐसे समय में महिलाओं का अपमान करना निंदनीय है। मां दुर्गा स्वयं नारी शक्ति और सम्मान की प्रतीक हैं। भाई–बहन के पवित्र रिश्ते पर की गई टिप्पणी घोर पाप है। विजयवर्गीय को सार्वजनिक रूप से महिलाओं से माफी मांगनी चाहिए, अन्यथा उन्हें मंत्री पद से इस्तीफा देना चाहिए।” महिला कांग्रेस ने आरोप लगाया कि यह पहला अवसर नहीं है जब कैलाश विजयवर्गीय ने नारियों का अपमान किया हो। पूर्व में भी उन्होंने कई बार महिलाओं पर अपमानजनक बयान दिए हैं। उन्होंने महिलाओं के पहनावे पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि “कुछ महिलाएं देवी स्वरूप न लगकर सूर्पनखा जैसी प्रतीत होती हैं।” कई बार पश्चिमी पहनावे की आलोचना करते हुए महिलाओं की स्वतंत्रता और अभिव्यक्ति की आजादी पर भी सवाल उठाए हैं। महिला कांग्रेस ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मांग की है कि वे तत्काल कैलाश विजयवर्गीय को मंत्रिमंडल से हटाएं। साथ ही चेतावनी दी कि यदि विजयवर्गीय ने सार्वजनिक माफी नहीं मांगी तो महिलाएं सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगी। इस अवसर पर विनोदिनी व्यास, वंदना पांडे, साधना प्रजापति, वंदना बड़ोदिया, मंजुला रायकवार सहित अनेक महिला कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थीं।साथ ही कांग्रेस पदाधिकारी एवं नेता – प्रयास गौतम, मनीष चौधरी, प्रदीप चौधरी, सुधीर शर्मा, चंद्रपाल सिंह सोलंकी, राजेश राठौर, रोशन रायकवार भी मौजूद रहे।