देवास। विश्व पर्यावरण दिवस एवं मप्र शासन के निर्देशानुसार प्रदेश में चलाया जा रहे जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत जल स्रोतों को सहजने के सामूहिक प्रयासों को उत्सव का रूप देते हुए मप्र जन अभियान परिषद विकासखंड देवास की नवांकुर संस्था दशमेश सोशल एंड एजुकेशनल सोसायटी द्वारा बावडी उत्सव एवं विश्व पर्यावरण दिवस मनाया गया। सोसायटी के सन्मीत सिंह खनूजा ने बताया की भेरूगढ़ मोदी जी का चोपड़ा देवास मे गंगा दशहरा की संध्या पर बावड़ी उत्सव का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में सर्वप्रथम पहले फलदार पौधे रोपे गए। तत्पश्चात बावड़ी के आसपास स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की गई। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान विश्वनाथ महादेव व बावड़ी की पूजा-अर्चना कर प्रसादी का वितरण किया गया। साथ ही अतिथियों ने 101 दीपक प्रज्जवलित कर भजन-कीर्तन के पश्चात आरती की। बावड़ी को फूलो से सजाकर धरोहर के रूप मे संरक्षित करने व सम्पदा को बनाये रखने एवं आमजन मे जागरूकता लाने हेतु कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि वरिष्ठ नागरिक संस्था के गंगाराम सोलंकी, मंदिर संचालक एडवोकेट मदन मोहन मोदी थे। श्री मोदी ने बताया कि बाबा विश्वनाथ महादेव के प्राचीन मंदिर में दूर-दूर से लोग दर्शन करने आते हैं। मंदिर के पास ही ऐतिहासिक प्राचीन बावड़ी है। अमावस्या पर यहां बावड़ी का विशेष महत्व है। आसपास के क्षेत्रो से लोग मछलियों को दाना खिलाने व दर्शन के लिए आते है। प्रति वर्ष महाशिवरात्रि पर यहां भव्य कार्यक्रम व झांकी का आयोजन होता है। जिससे बावड़ी का महत्व ओर बढ़ जाता है। इस अवसर पर ब्लॉक समन्वयक निलम सोनी, अतुल मोदी, राजेश राठौर, देवेंद्र भंडारी, पूजा बैरागी, कृष्णपाल सिंह राजपूत, नीलम चौहान, राजेंद्र ठाकुर, हर्षिनी गहलोत, चिराग मोदी, दिलीप, दिनेश यादव सहित सीएमसीएलडीपी के छात्र/छात्राएं आदि उपस्थित थे। अंत में आभार दीपक विश्वकर्मा ने माना।

