देवास, 14 जून 2025कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे एवं नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी के दिशा-निर्देशन में मध्य प्रदेश में “संगठन सृजन अभियान” की शुरुआत की गई है। इस अभियान के अंतर्गत जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारियों के चयन की प्रक्रिया सामूहिक चर्चा एवं सर्वसम्मति के आधार पर की जाएगी।देवास जिले के लिए ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी द्वारा पर्यवेक्षक (ऑब्जर्वर) नियुक्त किए गए प्रतिनिधियों में राज्यसभा सांसद श्री अशोक सिंह, श्री अजीत सिंह रिंकू, राजकुमारी, एवं प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता श्री अमित कुमार चौरसिया सहित अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हैं। वर्तमान जिला पदाधिकारी भी इस अभियान में सक्रिय सहयोग करेंगे।प्राप्त जानकारी के अनुसार, 14 जून को खातेगांव एवं बागली, 15 जून को सोनकच्छ एवं हाटपिपलिया, तथा 16 जून को देवास विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बैठकें आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही, सांसद एवं विधायक प्रत्याशी, अग्रिम संगठन, विभाग एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों से भी संवाद स्थापित किया जाएगा। जिला अध्यक्ष पद के इच्छुक दावेदारों से व्यक्तिगत चर्चा (वन टू वन) भी इसी चरण में की जाएगी।श्री राहुल गांधी के निर्देशानुसार यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि व्यक्तिगत स्वार्थों से ऊपर उठकर, पार्टी के प्रति समर्पित एवं संघर्षशील कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाए। मीडिया के माध्यम से सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की गई है कि वे निष्पक्ष रूप से ऐसे नाम सुझाएं जो संगठन को मजबूत करने की क्षमता रखते हों एवं जन आंदोलनों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हों।अभियान के अंतर्गत यह पहला संपर्क चरण है। 20 जून के बाद पुनः कार्यकर्ताओं से संपर्क कर फीडबैक लिया जाएगा। संगठन सृजन अभियान का उद्देश्य जिला अध्यक्ष का चयन करना नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के सुझावों के आधार पर सर्वसम्मत नाम हाईकमान को प्रस्तावित करना है। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।
मप्र कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान प्रारंभ, देवास जिले में सर्वसम्मति से होगा जिला अध्यक्ष का चयन

