देवास। श्रीजी बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ सेवा समिति ने वर्षा ऋतु के अंतर्गत वृहद पौधारोपण अभियान की शुरुआत माता टेकरी से की। मंगलवार को समिति के सदस्य चंद्रकांत नीमा, पदम सिंह पवार, अर्जुन सिंह सोलंकी, गुलाब सिंह और अन्य दर्शनार्थियों ने देवास शहर की हृदय स्थली, माँ चामुण्डा टेकरी पर बेलपत्र वाटिका स्थापित करने के उद्देश्य से 5 बेलपत्र के पौधों का रोपण किया। समिति के सचिव घनश्याम मोदी ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से समिति पूरे वर्षभर पौधारोपण करती रहती है। वर्षा ऋतु के आरंभ में इस अभियान की शुरुआत माता टेकरी से की गई है। उन्होंने बताया कि शंखद्वार से रपट मार्ग तक माता टेकरी पर बेलपत्र के पौधे रोपे जाएंगे। इसके अलावा सावन माह में विभिन्न मंदिरों में जाकर पौधों का रोपण और वितरण किया जाएगा। समिति के सदस्य देवास जिले सहित पूरे प्रदेश में भ्रमण कर गुरू की स्मृति में श्रीजी बेलपत्र वाटिका का निर्माण करेंगे। समिति का मुख्य उद्देश्य है अधिक से अधिक पौधे रोपकर पर्यावरण का संरक्षण और संवर्धन करना। उक्त जानकारी समिति अध्यक्ष रूक्मणि परमार ने जानकारी दी। समिति द्वारा इस अभियान के जरिए न केवल पर्यावरण को सुधारने की कोशिश की जा रही है, बल्कि लोगों में पौधारोपण के प्रति जागरूकता भी बढ़ाई जा रही है।

