Breaking
1 Mar 2026, Sun

श्री शनि देव सत्यनारायण मंदिर में धूमधाम से मना फाग उत्सव – रंग भरी आमलकी एकादशी पर महिला मंडली ने भजनों और गुलाल से रचा भक्ति का रंग

देवास। शहर के मीरा बावड़ी स्थित श्री शनि देव सत्यनारायण मंदिर में शुक्रवार को रंग भरी आमलकी एकादशी के पावन अवसर पर शनि महिला भजन मंडली द्वारा श्रद्धा और उल्लास के साथ फाग उत्सव मनाया गया। मंदिर परिसर भक्ति, संगीत और रंगों की छटा से सराबोर हो उठा। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान गणेश, माताजी, भोलेनाथ एवं गोपाल कृष्ण के मधुर भजनों से की गई। महिला मंडली की बहनों ने सुमधुर स्वर में भक्ति गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। पूरे परिसर में “रंग बरसे” और “होली खेले रघुवीरा” जैसे पारंपरिक फाग भजनों की गूंज सुनाई दी। भजन संध्या के पश्चात गोपाल कृष्ण और राधा रानी के प्रतीक स्वरूप पुष्प, गुलाल एवं रंगों के साथ फाग उत्सव खेला गया। उपस्थित बहनों ने उत्साहपूर्वक नृत्य किया और एक-दूसरे को रंग लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं। मंदिर परिसर रंगों और फूलों की वर्षा से पूरी तरह सराबोर दिखाई दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं की सहभागिता रही। उत्सव के अंत में सभी के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई, जहां भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर आपसी सौहार्द का संदेश दिया। मंडल प्रमुख श्रीमती वीणा कानूनगो ने दी।