Breaking
28 Jul 2026, Tue

नींबू के पौधे लगाए, फिर भी नहीं मिला योजना का लाभ, महिला ने कलेक्टर से लगाई गुहार

देवास। शासन की महत्वाकांक्षी एक बगिया मां के नाम योजना का लाभ नहीं मिलने से परेशान ग्राम डाबरी बुजुर्ग निवासी श्रीमती रानी पति राजेन्द्र ने जनसुनवाई में शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई। श्रीमती रानी ने आवेदन में बताया कि वह जय माता दी स्वयं सहायता समूह, तीसरामील की सदस्य हैं, जो एनआरएलएम कन्नौद में पंजीकृत है। अधिकारियों के मार्गदर्शन में उन्होंने अपनी निजी भूमि पर योजना के तहत 100 नींबू के पौधे लगाए। संबंधित अधिकारियों ने उन्हें निजी राशि से पौधे खरीदकर लगाने तथा बाद में बिल प्रस्तुत करने पर भुगतान मिलने का आश्वासन दिया था। महिला ने बताया कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बावजूद उन्होंने लाड़ली बहना योजना से प्राप्त राशि और अन्य निजी संसाधनों से पौधों की खरीद, सिंचाई, खाद, मजदूरी, निराई-गुड़ाई एवं सुरक्षा पर खर्च किया। पौधारोपण के बाद कृषि सखी, रोजगार सहायक एवं जनपद पंचायत कन्नौद के उपयंत्री द्वारा तीन बार भौतिक सत्यापन भी किया जा चुका है। आवेदिका का आरोप है कि योजना से संबंधित सभी दस्तावेज ग्राम पंचायत डाबरी बुजुर्ग, एनआरएलएम कन्नौद और जनपद पंचायत कन्नौद में जमा कराने के बावजूद आज तक उन्हें योजना की राशि प्राप्त नहीं हुई है।