Breaking
20 Apr 2026, Mon

भगवान परशुराम की शौर्य यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

भगवान परशुराम की शौर्य यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, गूंजे जयकारे अखिल भारतीय ब्राह्मण महासंघ देवास ने किया आयोजनदेवास। भगवान परशुराम जयंती के पावन अवसर पर अखिल भारतीय ब्राह्मण महासंघ, देवास द्वारा रविवार को भगवान राजराजेश्वर परशुराम जी की भव्य शौर्य यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा ब्राह्मण समाज की संस्कृति, शौर्य और एकता का प्रतीक बनकर नगरवासियों के लिए प्रेरणा का केंद्र रही। यात्रा की अगुवाई महासंघ के जिला अध्यक्ष पं. दिनेश मिश्रा एवं महिला संघ अध्यक्ष यशोदा शर्मा ने की। इस अवसर पर जिला युवा संघ अध्यक्ष पं. अजय पांडे (छोटू)एवं नगर युवा संघ अध्यक्ष पं. विमल शर्मा ने बताया कि यात्रा की शुरुआत समाज के संरक्षक गण, जनप्रतिनिधिगण, ब्रह्म बन्धुओ एवं वैदिक आचार्य के द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके पश्चात यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए नयापुरा स्थित अग्रवाल धर्मशाला पहुंची, जहां समाजजनों के लिए सहभोज का आयोजन किया गया। यात्रा में आकर्षक झांकियां, रथ और भगवान परशुराम जी की भव्य प्रतिमा नगर भ्रमण का केंद्र बनी रहीं। भजनो की मधुर धुन पर युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। चारों ओर जय परशुराम, ब्राह्मण एकता जिंदाबाद जैसे नारों से वातावरण गुंजायमान हो गया। महिलाओं की भागीदारी विशेष रही, जो पारंपरिक वेशभूषा में यात्रा में सम्मिलित हुईं। उनके द्वारा किए गए स्वागत एवं पुष्पवर्षा ने यात्रा को और भी भव्यता प्रदान की। समाज के वरिष्ठजन, युवा एवं बच्चे सभी वर्गों की सक्रिय सहभागिता यात्रा की सफलता का प्रमाण बनी। इस यात्रा के माध्यम से ब्राह्मण समाज ने यह संदेश दिया कि जब समाज एकजुट होता है, तो वह अपने गौरवशाली इतिहास और संस्कृति को और भी मजबूती से स्थापित कर सकता है। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से अनेक समाजजन एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।महासंघ कोषाध्यक्ष सतीश दुबे ने बताया कि आयोजन का उदेश्य भगवान परशुराम जी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना, युवाओं में शौर्य और धर्म के प्रति चेतना जागृत करना, एवं समाज को संगठित करना इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य रहा। अंत मे आभार पं सुदर्शन दुबे ने माना एवं समापन सहभोज में बड़ी संख्या में समाजजनों ने लिया प्रसाद। उक्त जानकारी कपिल व्यास ने दी।