देवास। संस्कृति, लोक साहित्य, लोक भाषा एवं विशेष उपलब्धियों के संरक्षण और सम्मान के उद्देश्य से समर्पित जन चेतना मंच द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला अलंकरण सम्मान समारोह इस वर्ष भी प्रवीण श्रीवास्तव जी के पुण्य स्मरण पर गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व महापौर रेखा वर्मा, वरिष्ठ पत्रकार एवं अधिवक्ता राजेश मालवीय, संस्था संरक्षक आभा निगम जी तथा पार्षद आलोक साहू की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। जन चेतना मंच की संस्थापक श्रीमती तश्मि प्रवीण श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में बताया कि सम्मानित किए गए सभी व्यक्तियों का शहर में विशेष योगदान रहा है और वे अपनी-अपनी विधाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। मुख्य अतिथि रेखा वर्मा जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रवीण श्रीवास्तव जी का सामाजिक जीवन में दिया गया योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने अपने संपूर्ण जीवनकाल में सेवा को सर्वोपरि रखा और विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय रहकर समाज को दिशा दी। विशेष अतिथि राजेश मालवीय ने कहा कि समाजसेवा में समर्पण की भावना अत्यंत आवश्यक है, इसी से समाज का उत्थान संभव है। वहीं आलोक साहू जी ने कहा कि प्रवीण जी अपने कार्य को सदैव निष्ठा और लगन से करते थे, आज के समय में ऐसे युवाओं की विशेष आवश्यकता है। कार्यक्रम में स्वागत भाषण अजय श्रीवास्तव द्वारा प्रस्तुत किया गया। सम्मानित होने वाले अलंकृत रत्नों में शासकीय अधिकारी संजीव सक्सेना जी, मनीष खरे जी, पत्रकारिता क्षेत्र से राजेश मालवीय, स्वास्थ्य विभाग से अंजू शर्मा, खेल जगत से निपुण सांगते तथा बसेरा आश्रम के संचालक दिनेश चौधरी शामिल रहे। इसके अलावा विशेष योगदान के लिए रेखा वर्मा जी सहित सामाजिक क्षेत्र के अन्य गणमान्य समाजसेवियों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संयोजन आदित्य श्रीवास्तव एवं दीपक श्रीवास्तव द्वारा किया गया, जबकि संचालन श्रीमती आभा निगम ने किया। इस अवसर पर राजेश निगम, समाजसेवी ममता श्रीवास्तव, कायस्थ विकास परिषद महिला अध्यक्ष मंजू निगम, शिवानी श्रीवास्तव, कर्णिका श्रीवास्तव एवं उर्वशी श्रीवास्तव की उपस्थिति रही। अंत में आभार प्रदर्शन शीतल निगम द्वारा व्यक्त किया गया।
अलंकरण सम्मान समारोह संपन्न, जन चेतना मंच ने प्रवीण श्रीवास्तव के पुण्य स्मरण में प्रतिभाओं का किया सम्मान

