Breaking
28 Jul 2026, Tue

एमजी अस्पताल के वाटर कूलर में आ रहा करंट, शिकायत के बावजूद ठीक नहीं हुआ

देवास। महात्मा जिला अस्पताल में गंभीर लापरवाही सामने आई है। अस्पताल परिसर में लगे एक वाटर कूलर में पिछले लगभग एक सप्ताह से करंट आने की शिकायत मिल रही है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। इससे मरीजों और उनके परिजनों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अस्पताल में भर्ती मरीजों के परिजनों ने बताया कि पानी भरते समय वाटर कूलर के नल को छूने पर बिजली का झटका लगता है। इसी कारण लोग धातु के नल का उपयोग करने से बच रहे हैं और प्लास्टिक वाले नल से पानी भरने को मजबूरी में इस्तेमाल कर रहे हैं। परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। परिजनों के अनुसार, अस्पताल प्रबंधन को इस संबंध में जानकारी दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ऐसे में रोजाना सैकड़ों मरीजों और उनके साथ आने वाले लोगों की जान जोखिम में बनी हुई है।जिला अस्पताल के प्रबंधक प्रमोद गुणवान ने शिकायत की पुष्टि करते हुए बताया कि वाटर कूलर में करंट आने की बात सही है। उन्होंने कहा कि समस्या के समाधान के लिए दो-तीन तकनीशियनों से संपर्क किया गया है, लेकिन अभी तक इसका निराकरण नहीं हो पाया है। एहतियात के तौर पर वाटर कूलर को बंद करवा दिया गया था, हालांकि कई बार लोग उसे फिर से चालू कर देते हैं।