Breaking
7 Sep 2026, Mon

छोटी माता मंदिर में बारिश में बढ़ा खतरा, सीढिय़ां टूटीं, रेलिंग गायब, भक्तों को लगी चोट

देवास। माता टेकरी स्थित छोटी माता मंदिर तक जाने वाली सीढिय़ां जर्जर हो गई हैं। कई जगह सीढिय़ां टूटी हुई हैं और रेलिंग नहीं होने से श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के मौसम में फिसलन बढऩे से हादसों का खतरा भी बढ़ गया है। बारिश के कारण कई स्थानों पर सीढिय़ों पर पानी भर जाता है। ग्रेनाइट और मार्बल भी कई जगह से टूट चुके हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को चढऩे और उतरने में दिक्कत होती है। रेलिंग नहीं होने से संतुलन बिगडऩे पर सहारा भी नहीं मिल पाता। बुधवार को एक श्रद्धालु सीढिय़ों से फिसलकर गिर गया। हादसे में उसके हाथ में चोट आई। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। उनका कहना है कि यदि सीढिय़ों के किनारे मजबूत रेलिंग होती, तो श्रद्धालु सुरक्षित तरीके से आ-जा सकते थे। छोटी माता मंदिर के पुजारी अशोक नाथ ने बताया कि बुधवार को एक भक्त उतरते समय फिसल गया, जिससे उसके हाथ में चोट आई। उन्होंने कहा कि पहले भी कई श्रद्धालु गिर चुके हैं। टूटी सीढिय़ों और रेलिंग नहीं होने के कारण लगातार परेशानी बनी हुई है। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों से जल्द व्यवस्था सुधारने की अपील की। श्रद्धालुओं ने प्रशासन और मंदिर प्रबंधन से टूटी सीढिय़ों की जल्द मरम्मत कराने, पानी निकासी की व्यवस्था सुधारने और मजबूत रेलिंग लगाने की मांग की है। साथ ही उन्होंने पहाड़ी पर भूस्खलन की घटनाओं को देखते हुए जरूरी स्थानों पर सुरक्षा जालियां लगाने और सीढ़ी मार्ग को सुरक्षित बनाने की भी मांग की है।