देवास। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर माँ क्षिप्रा नदी बचाओ फाउंडेशन और पंचतत्व फाउंडेशन द्वारा क्षिप्रा तट पर पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण, नदी संवर्धन और हरित देवास के संकल्प के साथ बड़ी संख्या में लोगों ने भागीदारी की। फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश बराना ने बताया कि क्षिप्रा तट सहित विभिन्न परिसरों में लगातार पौधारोपण अभियान चलाया जा रहा है। पंचतत्व फाउंडेशन के “एक करोड़ वृक्ष संकल्प” के अंतर्गत देवास में अब तक लगभग 2.5 लाख पौधे रोपित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। वहीं छोटे बच्चों ने भी विशेष रुचि दिखाते हुए पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक मूल्यों को निकट से समझने का अवसर प्राप्त किया। आयोजन के दौरान उपस्थित लोगों ने क्षिप्रा के संरक्षण, जल स्रोतों की सुरक्षा और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर माँ क्षिप्रा नदी बचाओ फाउंडेशन के अध्यक्ष राजेश बराना, पंडित मिथिलेश उपाध्याय, प्रजापति, डॉ. सुभाष चंद्र भार्गव, यूनुस खान खेल विभाग देवास, पर्यावरण रक्षक विजय चौधरी, शुभम नागौर, लक्की जोशी, गोपाल जोशी, राजेश जाटव, विजय जोशी, सुमित जोशी, विनय जोशी सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने और क्षिप्रा नदी को स्वच्छ, निर्मल एवं हरित बनाने की दिशा में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
