Breaking
1 May 2026, Fri

18 साल में 65 वारदातें, शातिर चोर गिरफ्तार, शोरूम से तिजोरी चोरी का खुलासा


देवास।
 17 अप्रैल को देवास पुलिस ने शोरूम से तिजोरी चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले 18 सालों से तीन राज्यों के 13 जिलों में 65 से अधिक चोरियों को अंजाम दे चुका है। पुलिस ने उसके पास से नकदी और चोरी की बाइक भी बरामद की है। बीएनपी थाना पुलिस ने ग्वालियर के नई बस्ती तिकोनिया क्षेत्र निवासी 44 वर्षीय सचिन गौहर को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने 17 अप्रैल को देवास के एक शोरूम का ताला तोडक़र तिजोरी चोरी की थी। मामले का खुलासा बुधवार को पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी पुनीत गहलोत ने किया।
घटना के बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित की और देवास से भोपाल तक करीब 150 किलोमीटर के दायरे में जांच की। टीम ने 400 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिनमें आरोपी कई जगह बाइक के साथ नजर आया। इसी आधार पर उसे ट्रेस कर गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी वर्ष 2008 से चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा है। वह मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और राजस्थान के 13 जिलों में सक्रिय रहा है और शोरूम व सूने मकानों को निशाना बनाता था। पुलिस ने आरोपी के पास से 58 हजार रुपए नकद और करीब 1.70 लाख रुपए कीमत की बाइक बरामद की है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बाइक उसने कुछ दिन पहले ग्वालियर से चोरी की थी और उसी का इस्तेमाल देवास में वारदात के लिए किया।
रात 3 से 6 बजे के बीच करता था वारदात
              पुलिस के मुताबिक, आरोपी देर रात 3 बजे से सुबह 6 बजे के बीच कुछ ही मिनटों में ताले तोडक़र चोरी करता था और फिर फरार हो जाता था। 17 अप्रैल को ही आरोपी ने मक्सी रोड स्थित एक होम डेकोर दुकान को भी निशाना बनाया था, जहां वह हेलमेट पहनकर सीसीटीवी में कैद हुआ। फिलहाल पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है। अन्य राज्यों की पुलिस को भी सूचना दी गई है। एसपी ने कार्रवाई में शामिल टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
—————————————–