देवास। माता टेकरी स्थित मंदिरों की दान पेटियां खोली गईं। इस दौरान दान राशि के साथ कई श्रद्धालुओं की मनोकामना पर्चियां भी मिलीं। इनमें एक बच्ची की अनोखी मन्नत ने सबका ध्यान आकर्षित किया। बच्ची ने अपनी पर्ची में स्कूल, कक्षा, माता-पिता और अपना नाम लिखते हुए माता रानी से प्रार्थना की थी, मां, मुझे एग्जाम में पास करा देना, मुझे चौथी पास करवा देना। शुक्रवार सुबह 11 बजे माता टेकरी पर स्थित दोनों मंदिरों की कुल 12 दान पेटियां खोली गईं। दान की गिनती के दौरान यह पर्ची सामने आई। इसके अतिरिक्त, कई अन्य श्रद्धालुओं ने भी अपनी पारिवारिक खुशहाली, रोजगार, स्वास्थ्य और घरेलू समस्याओं के समाधान के लिए मन्नत पर्चियां अर्पित की थीं। कुछ पर्चियों में बेटे की तरक्की और परिवार में बाधा न आने की प्रार्थना की गई थी। नायब तहसीलदार कपिल गुर्जर ने बताया कि दान पेटियों से लाखों रुपए की नकदी, बड़ी संख्या में सिक्के, सोने-चांदी के आभूषण और एक विदेशी मुद्रा भी प्राप्त हुई। दान पेटी में कजाकिस्तान की करेंसी मिलने से लोग आश्चर्यचकित रह गए। मंदिर समिति और राजस्व विभाग की टीम की उपस्थिति में दान पेटियां खोली गईं, जिसके बाद दान राशि और अन्य सामग्री की गिनती का कार्य शुरू हुआ। नायब तहसीलदार के अनुसार, दान पेटियों से कुल छह लाख तीस हजार रुपए से अधिक की राशि प्राप्त हुई है, जिसमें 70 हजार रुपए से अधिक के सिक्के शामिल हैं।
