देवास। मंगलवार दोपहर में हुई तेज बारिश के दौरान बड़ा हादसा टल गया। सूतार बाखल सब्जी मंडी चौराहे पर पानी से भरे नाले में दो बालिकाएं स्कूटर सहित गिर गईं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बारिश के कारण नाला पूरी तरह पानी से भर गया था। इससे बालिकाओं को नाले की गहराई और किनारे का अंदाजा नहीं लग सका। इसी दौरान उनका स्कूटर नाले में गिर गया। घटना होते ही आसपास मौजूद लोग दौडक़र मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना देर किए दोनों बालिकाओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में दोनों बालिकाओं को कोई चोट नहीं आई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि समय रहते लोगों ने मदद नहीं की होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर यह घटना हुई, वहां नाला निर्माण का काम लंबे समय से अधूरा पड़ा है। बारिश के दौरान नाला पानी से भर जाता है। इससे उसकी वास्तविक स्थिति दिखाई नहीं देती और हादसे का खतरा बना रहता है।
