Breaking
20 Apr 2026, Mon

एकादशी पर उमड़ा आस्था का सैलाब, खाटू श्याम मंदिर में भव्य भोग आरती संपन्न

देवास। अमृत नगर स्थित खाटू श्याम मंदिर में एकादशी के पावन अवसर पर रविवार को भव्य धार्मिक आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में श्याम भक्तों ने शामिल होकर बाबा श्याम के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर परिसर श्रद्धा और भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। इस अवसर पर खाटू नरेश बाबा श्याम का अलौकिक श्रृंगार किया गया, जो भक्तों के आकर्षण का केंद्र रहा। विशेष रूप से 56 भोग अर्पित कर भोग आरती की गई तथा पवित्र ज्योत प्रज्वलित कर वातावरण को भक्तिमय बनाया गया। महिला मंडल द्वारा मधुर श्याम भजनों की प्रस्तुति दी गई, जिससे पूरे मंदिर परिसर में भक्ति रस की धारा बह निकली। मंदिर समिति एवं श्याम भक्तों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई। साथ ही, पवित्र ज्योत दर्शन के लिए विशेष प्रबंध किए गए, जिससे भक्तों को सुव्यवस्थित तरीके से दर्शन का लाभ मिल सके। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते मंदिर परिसर में लंबी-लंबी कतारें देखने को मिलीं। श्याम प्रेमी “जय श्री श्याम” के जयकारे लगाते हुए बाबा से सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना करते नजर आए। आयोजन में मंदिर संस्थापक श्याम शर्मा, राधा अग्रवाल, ओम प्रकाश बंसल, राजीव खंडेलवाल, हरिओम उपाध्याय, पूर्णिमा खंडेलवाल, कृष्ण पाल सिंह राठौड़, राजेश कचोलिया, सुनील गोयल सहित हजारों श्याम भक्त उपस्थित थे।