देवास। शादी के नाम पर ठगी का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक-दो नहीं बल्कि 42 युवकों को शादी का सपना दिखाकर लाखों रुपये की ठगी कर ली गई। सभी युवक सेहरा बांधकर बारात लेकर देवास के क्लब ग्राउंड पहुंचे थे, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी न कोई दुल्हन आई और न ही उसके परिजन. जब सच्चाई सामने आई तो मौके पर अफरा-तफरी और हंगामा मच गया। पीड़ित दूल्हों ने अब पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। जानकारी के मुताबिक, देवास और आसपास के जिलों के रहने वाले 42 युवकों को शादी कराने का झांसा दिया गया था। आरोप है कि विदिशा के एक युवक ने खुद को बिचौलिया बताते हुए कहा था कि इंदौर के एक अनाथ आश्रम से लड़कियां लाकर सामूहिक विवाह कराया जाएगा। इसके बदले हर युवक से 15 से 25 हजार रुपये तक वसूले गए. शादी तय होने के बाद युवकों को मोबाइल पर लड़कियों की तस्वीरें भी दिखाई गईं, जिससे उन्हें भरोसा हो गया कि उनकी शादी तय हो चुकी है।अनाथ आश्रम की लड़कियों से शादी का झांसाबताया जा रहा है कि तय कार्यक्रम के अनुसार सभी युवक दूल्हे की पोशाक पहनकर सुबह से ही क्लब ग्राउंड पहुंच गए थे। वहां शादी की तैयारियां भी की गई थीं। लेकिन जैसे-जैसे समय बीतता गया, दुल्हनों का कहीं कोई पता नहीं चला। देर शाम तक भी जब कोई नहीं पहुंचा, तब युवकों को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद मौके पर मौजूद दूल्हों और उनके परिजनों ने जमकर हंगामा किया। पीडि़तों का आरोप है कि शादी के नाम पर उनकी भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया गया। लाखों रुपये ऐंठ लिए गए। कई युवक ऐसे भी थे, जिन्होंने शादी की उम्मीद में उधार लेकर पैसे दिए थे। ठगी का शिकार बने युवकों ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मुकेश से पूछताछ की तो उसने कहा- मेरे बड़े भाई दिनेश दास बैरागी इंदौर में काम करते हैं। उन्होंने कहा था कि इंदौर के अनाथ आश्रम की लड़कियों की शादी कराना है। उन्होंने वर पक्ष के लोगों के फोन नंबर भी दिए थे। दूल्हे और उनके परिवारों के देवास पहुंचने के बाद मैंने भाई को फोन लगाया। उन्होंने कहा कि कुछ देर में दुल्हनों समेत वे पहुंच रहे हैं लेकिन कोई नहीं आया। कई बार पूछने के बाद मैंने दिनेश को फोन लगाया तो वह स्विच ऑफ था। मुकेश ने यह भी बताया कि पूरे मामले में उसका ससुर नरसिंह दास बैरागी भी शामिल था, जो लोगों से संपर्क करवाता था। फिलहाल, पुलिस ने मुकेश बैरागी, सुनीता बैरागी, दिनेश बैरागी और नरसिंह दास बैरागी के खिलाफ केस दर्ज किया है। मुकेश और सुनीता को गिरफ्तार कर लिया है।

