देवास। प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी होली पर्व के उपलक्ष्य में होली के रंग बाबा के संग फाग उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 7 मार्च, शनिवार को रात्रि आरती के साथ 8 बजे से श्री खेड़ापति सरकार मंदिर प्रांगण में श्रद्धा और उत्साह के साथ सम्पन्न होगा। मंदिर के पुजारी पंडित दर्शन उपाध्याय ने बताया कि फाग उत्सव में भक्ति और होली के रंगों का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। कार्यक्रम में भजन संध्या का विशेष आयोजन रखा गया है, जिसमें प्रसिद्ध भजन गायक राजेश बैरागी, शुभम शर्मा और सुमित शर्मा अपने मधुर भजनों से भक्तों को भक्ति रस में सराबोर करेंगे। फाग उत्सव के दौरान बाबा के दरबार में फूलों और गुलाल के साथ होली खेली जाएगी। भक्तजन भजनों की मधुर धुनों पर झूमते हुए भगवान के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करेंगे। मंदिर परिसर को भी विशेष रूप से सजाया जाएगा, जिससे पूरा वातावरण भक्ति और उत्साह से भर जाएगा। पं. उपाध्याय ने सभी श्रद्धालुओं और नगरवासियों से आग्रह किया है कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस भक्ति एवं फाग उत्सव का आनंद लें और बाबा का आशीर्वाद प्राप्त करें।

