देवास। देवास में संविधान निर्माता डॉ भीम राव अंबेडकर के नाम से नगर निगम द्वारा संचालित सामुदायिक भवन डॉक्टर अंबेडकर मंगल भवन उपेक्षा का शिकार था। वैसे तो यह भवन गरीब और दलित वर्ग के लिए सस्ती दरों पर उपलब्ध होता था लेकिन विगत 2 वर्षों से जीर्ण शीर्ण होने के कारण इस भवन का उपयोग बंद कर दिया गया था। पिछले वर्ष भी इस भवन के जीर्णोद्धार की मांग मध्यप्रदेश सफाई कर्मचारी संघ के संजय सांगते द्वारा उठाई गई थी लेकिन निगम बजट की कमी के कारण इसका जीर्णोद्धार नहीं हो पाया। इस वर्ष भी सांगते द्वारा अंबेडकर भवन के जीर्णोद्धार के लिए निगम आयुक्त को गुहार लगाई गई थी। देवास शाजापुर क्षेत्र के यशस्वी सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी को जब आंबेडकर मंगल भवन की दुर्दशा के बारे में पता चला तो उनके द्वारा तत्काल सांसद निधि से 10 लाख रूपये स्वीकृत किए गए ताकि दलित और गरीब वर्ग के लिए भी सस्ती दरों पर सामुदायिक भवन उपलब्ध हो सके। सांसद महोदय के द्वारा गरीब और दलित वर्ग के कल्याणार्थ आंबेडकर मंगल के जीर्णोद्धार के लिए राशि स्वीकृत करने पर संजय सांगते के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल द्वारा यशस्वी सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी का स्वागत किया गया और संविधान के रचयिता डॉ बी आर अंबेडकर का स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। इस अवसर पर रवि सांगते भय्या, आनंद सांगते, विक्की लाला बंजारे, राहुल भाटी सहित समाज के वरिष्ठ जन और शुभचिंतक उपस्थित रहे।

