Breaking
12 Sep 2026, Sat

गणेश उत्सव को लेकर देवास में उत्साह चरम पर, 14 सितंबर से विराजेंगे विघ्नहर्ता

सजीं प्रतिमाओं की दुकानें, खरीदारी के लिए उमड़े श्रद्धालु

देवास। गणेश चतुर्थी के पावन पर्व के आगमन में अब केवल एक दिन शेष बचा है। 14 सितंबर सोमवार से शुरू होने वाले दस दिवसीय गणेश उत्सव को लेकर शहरभर में उत्साह और उमंग का माहौल चरम पर पहुंच चुका है। विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश के स्वागत के लिए पूरा देवास शहर सज-धजकर तैयार है और बाजारों में श्रद्धालुओं की भारी रौनक देखी जा रही है। शहर के प्रमुख क्षेत्रों—मंडूक पुष्कर धरना स्थल, एमजी रोड, सुभाष चौक और प्रमुख चौराहों पर भगवान गणेश की प्रतिमाओं की अस्थाई दुकानें सज चुकी हैं। पीले और नीले तिरपालों के नीचे कतारबद्ध रूप से रखी गई छोटी-बड़ी मूर्तियों की छटा देखते ही बन रही है। विभिन्न रूपों और मुद्राओं में सजी प्रतिमाएं भक्तों को आकर्षित कर रही हैं। मूर्तियों को सुरक्षित रखने के लिए उन्हें पारदर्शी पन्नियों से ढंका गया है ताकि मौसम का असर न पड़े। लोग अपने पसंदीदा स्वरूप की प्रतिमा पसंद करने के लिए परिजनों के साथ बाजारों में पहुंच रहे हैं। कई श्रद्धालु स्थापना से एक दिन पहले ही बप्पा की प्रतिमा की बुकिंग और खरीदारी पूरी कर ‘गणपति बप्पा मोरया’ और ‘मंगल मूर्ति मोरया’ के जयघोष लगाते हुए श्रद्धापूर्वक अपने घरों की ओर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। दोपहिया और चारपहिया वाहनों पर बप्पा को सम्मानपूर्वक ले जाने का सिलसिला दिनभर जारी रहा। मूर्तियों के अलावा पूजा सामग्री, दूर्वा, मोदक, फूल-मालाओं और पंडाल सजावट के सामान की दुकानों पर भी ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। कॉलोनियों, मोहल्लों और सार्वजनिक गणेश उत्सव समितियों द्वारा आकर्षक पांडालों का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। सोमवार सुबह शुभ मुहूर्त में विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश की घटस्थापना की जाएगी।