देवास। गुरुवार को भोपाल बायपास पर नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर सडक़ किनारे किए गए अतिक्रमण हटाए। कार्रवाई के दौरान वर्षों से संचालित हो रही अस्थायी दुकानों को हटाया गया। आधा दर्जन से अधिक अतिक्रमण ध्वस्त किए गए और कई दुकानों का सामान भी जब्त किया गया। यह कार्रवाई सडक़ सुरक्षा समिति की हालिया बैठक में उठाए गए मुद्दे के बाद की गई। समिति ने भोपाल बायपास पर सडक़ किनारे लगी अस्थायी दुकानों से यातायात प्रभावित होने और दुर्घटनाओं का खतरा बढऩे पर चिंता जताई थी। दुकानों पर खरीदारी करने आने वाले लोग अपने वाहन बायपास पर ही खड़े कर देते थे, जिससे अक्सर जाम जैसी स्थिति बनती थी। अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई से पहले दुकानदारों को एक-दो दिन पहले अतिक्रमण स्वयं हटाने की समझाइश दी गई थी। इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया। गुरुवार को संयुक्त टीम मौके पर पहुंची तो कुछ दुकानदारों ने और समय देने की मांग की। अधिकारियों ने पहले ही सूचना दिए जाने का हवाला देते हुए मांग स्वीकार नहीं की और कार्रवाई जारी रखी। अभियान के दौरान ट्रैफिक थाना प्रभारी, नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी और निगम का अमला मौजूद रहा। अधिकारियों ने कहा कि भोपाल बायपास पर दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ जब्ती की कार्रवाई और सख्त कानूनी कदम आगे भी जारी रहेंगे।
