देवास। जिला न्यायालय परिसर में गुरूवार को हुए जिला अभिभाषक संघ के वार्षिक चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। गुरुवार को सुबह से शुरू हुए मतदान में अधिवक्ताओं ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। चुनाव में कुल 880 से अधिक मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें से समाचार लिखे जाने तक लगभग 832 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर लिया था। मतदान प्रक्रिया शाम 5 बजे तक शांतिपूर्ण ढंग से जारी रही। पूरे दिन न्यायालय परिसर में चुनावी माहौल बना रहा। विभिन्न पदों के प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ मतदाताओं से संपर्क करते और समर्थन जुटाते नजर आए। परिसर में चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं के बीच खासा उत्साह एवं चर्चा का माहौल बना रहा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र बापट एवं अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी रघुवीर यार्दी ने बताया कि मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। मतदान समाप्त होने के बाद मतपेटियों को सुरक्षित रखा गया। मतगणना की प्रक्रिया रात करीब 10 बजे तक पूरी होने की संभावना है, जिसके बाद जिला अभिभाषक संघ चुनाव के परिणामों की आधिकारिक घोषणा की जाएगी। चुनाव परिणाम को लेकर प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में उत्सुकता बनी हुई है।
