Breaking
28 Jul 2026, Tue

801 पाइनएप्पल से हुआ श्री खेड़ापति दरबार का श्रृंगार- बड़े मंगलवार पर उज्जैन के कलाकारों ने सजाया दरबार

देवास। महात्मा गांधी मार्ग स्थित श्री खेड़ापति मारुति मंदिर में मंगलवार को बड़े मंगलवार के अवसर पर भगवान हनुमान का 801 पाइनएप्पल से भव्य और आकर्षक श्रृंगार किया गया। भगवान के इस अनूठे स्वरूप के दर्शन करने के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचने लगे। मंदिर के पुजारी पंडित दर्शन उपाध्याय ने बताया कि ज्येष्ठ माह के बड़े मंगलवारों के उपलक्ष्य में मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं। इसी क्रम में भगवान श्री खेड़ापति मारुति का 801 पाइनएप्पल से विशेष श्रृंगार किया गया। भगवान हनुमान का यह मनोहारी और अनूठा स्वरूप श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना रहा। दर्शन के लिए सुबह से लेकर देर शाम तक भक्तों का आना-जाना लगा रहा। भगवान के इस विशेष श्रृंगार को तैयार करने के लिए उज्जैन से सहायक कलाकारों की एक टीम देवास पहुंची थी। कलाकारों ने कई घंटों की मेहनत और रचनात्मकता के साथ इस श्रृंगार को आकार दिया। करीब 8 से 10 कलाकारों की टीम ने 801 पाइनएप्पल का उपयोग करते हुए भगवान हनुमान का भव्य स्वरूप तैयार किया।