Breaking
13 Jun 2026, Sat

हजारों श्रद्धालुओं के आगमन से पहले इटावा की सड़क व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग- सड़क चौड़ीकरण कार्य और भारी वाहनों से बढ़ी परेशानी पर शिवसेना युवासेना ने उठाई आवाज

देवास।गांव गैर माता पूजन महोत्सव की व्यवस्थाओं को लेकर शिवसेना युवासेना ने कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को सौंपा ज्ञापनदेवास। नगर इटावा में 17 जून 2026 को आयोजित होने वाले विशाल गांव गैर माता पूजन एवं धार्मिक आयोजन को लेकर शिवसेना युवासेना मध्यप्रदेश के राज्य उप प्रमुख रोहित शर्मा एवं देवास जिला अध्यक्ष सुनील वर्मा के नेतृत्व में कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक देवास को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में आयोजन के दौरान सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, चिकित्सा, पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की मांग की गई। नगर अध्यक्ष शिवम चतुर्वेदी ने बताया कि गांव गैर माता पूजन इटावा क्षेत्र का प्रमुख धार्मिक एवं आस्था का आयोजन है, जो 12 वर्ष में एक बार आयोजित किया जाता है। इस वर्ष आयोजित होने वाले इस विशेष धार्मिक आयोजन में लगभग 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं एवं अतिथियों के पहुंचने की संभावना है। मुख्य पूजन कार्यक्रम पीपल चौक स्थित शीतला माता मंदिर में संपन्न होगा, जबकि नगर इटावा के अन्य शीतला माता मंदिरों एवं पूजन स्थलों पर भी विधि-विधान के साथ पूजन-अर्चन एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ऐसे में प्रशासन द्वारा सुरक्षा, यातायात एवं मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था किया जाना अत्यंत आवश्यक है। ज्ञापन में विशेष रूप से इटावा क्षेत्र में चल रहे सड़क चौड़ीकरण एवं निर्माण कार्य, संभावित वर्षा के कारण मार्गों पर कीचड़ एवं जलभराव की स्थिति तथा रेलवे ब्रिज क्षेत्र से भारी वाहनों के लगातार आवागमन से उत्पन्न हो रही समस्याओं का उल्लेख किया गया। संगठन ने कहा कि यदि समय रहते आवश्यक व्यवस्थाएं नहीं की गईं तो आयोजन में आने वाले हजारों श्रद्धालुओं को आवागमन में गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। साथ ही आयोजन स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल, यातायात पुलिस, पार्किंग व्यवस्था, एम्बुलेंस, चिकित्सा दल, अग्निशमन वाहन, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है। संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि आयोजन से पूर्व संबंधित विभागों द्वारा स्थल एवं मार्गों का निरीक्षण कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण की जाएं, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके। ज्ञापन सौंपने के दौरान शिवसेना युवासेना के जिला प्रभारी विजय जायसवाल, श्रवण दादा, जिला उपाध्यक्ष शेर सिंह परमार, नगर अध्यक्ष शिवम चतुर्वेदी, शिवसेना नेता लखन टिपानिया, संजू भाटी, विनोद कुमावत, आशु पथरी, राकेश लाल, अमित त्रिवेदी एवं मोहित शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।