Breaking
20 Apr 2026, Mon

नववर्ष 2026: मंदिरों में दिनभर लगा रहा भक्तों का तांता- भक्तों ने देव दर्शन कर पहले दिन की शुरुआत, माता टेकरी व गणेश मंदिर पर लोगों ने माथा टेका

देवास। वर्ष 2026 नई उम्मीदें लेकर आया इसी आशा के साथ शहरवासियों ने नए वर्ष के पहले दिन की शुरुआत देवालयों में भगवान के दर्शन कर की। वैसे तो नए वर्ष का स्वागत सभी लोग अलग-अलग तरह से करते है। हालांकि ज्यादातर लोग नए साल के पहले दिन भगवान के दर्शन कर उनसे आशीर्वाद लेकर नए साल का स्वागत कर पूरा साल अच्छी तरह सुख-समृद्धि के साथ बीते ऐसी कामना करते हैं। नववर्ष के पहले दिन लोगों ने शहर सहित आसपास के मंदिरों का रूख किया। गुरूवार को सुबह से मंदिरों में लोगों की भीड़ लगना शुरु हो गई थी। शहर की प्रसिद्ध माता टेकरी, बिलावली महाकाल मंदिर, बांगर स्थित दत्त मंदिर, नागदा गणेश मंदिर, खेड़ापति मारुति मंदिर, श्री खाटू श्याम मंदिर, श्री सांवलिया सेठ मंदिर सहित अन्य मंदिरों पर भक्तों का दिनभर सैलाब उमड़ता रहा। भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए। मंदिर परिसरों में अतिरिक्त पुलिस बल और सीसीटीवी निगरानी तैनात रही। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैरिकेडिंग और सुचारु दर्शन व्यवस्था बनाई गई, जिससे दर्शन शांतिपूर्वक संपन्न हो सके।माता टेकरी पर लगती रही कतारेंनवरात्रि पर जिस तरह का नजारा माता टेकरी पर देखने को मिलता है। उसी तरह का नजारा वर्ष-2026 के पहले दिन टेकरी पर देखने को मिला। सीढ़ी मार्ग और रपट मार्ग पर तडक़े सुबह से भक्तों के आने का सिलसिला शुरू हो गया था। सुबह से लेकर शाम तक लाखों भक्तों ने माता रानी मां चामुण्डा व तुलजा भवानी के दर्शन किए।