Breaking
20 Apr 2026, Mon

कलश यात्रा के साथ 14 मार्च से शुरू होगी श्रीराम कथा, 22 मार्च को भंडारे के साथ समापन

देवास। शहर के गंगानगर क्षेत्र में आगामी दिनों में एक भव्य धार्मिक आयोजन होने जा रहा है। श्रद्धालुओं के आध्यात्मिक उत्थान और धर्मप्रेम को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से “भक्तमयी श्रीराम कथा ज्ञान यज्ञ” का आयोजन किया जा रहा है। यह पावन कथा 14 मार्च 2026 से 22 मार्च तक प्रतिदिन दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित होगी। कार्यक्रम का आयोजन परशुराम वाटिका गार्डन, गंगानगर, होटल अविरल के पीछे, भेड़िया शूज ए.बी. रोड, देवास (म.प्र.) में किया जाएगा। आयोजक सुरेश चंद्र व्यास, रिटायर्ड कार्यपालन यंत्री नगर निगम देवास ने बताया कि कथा का शुभारंभ 14 मार्च को भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। यह यात्रा दोपहर 12:30 बजे बिधेश्वर महादेव मंदिर, गंगानगर, देवास से प्रारंभ होकर कथा स्थल तक निकलेगी। कलश यात्रा में श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा और भक्ति गीतों के साथ शामिल होंगे। इस पावन कथा का वाचन सुप्रसिद्ध कथावाचक पं. श्री ओमप्रकाश चतुर्वेदी द्वारा किया जाएगा। वे श्रीराम के जीवन, आदर्शों और मर्यादा पुरुषोत्तम के संदेशों को अपने मधुर वाणी और भावपूर्ण शैली में प्रस्तुत करेंगे। कथा के समापन अवसर पर 22 मार्च 2026 को दोपहर 2:30 बजे विशाल भंडारा आयोजित किया जाएगा। आयोजन समिति ने सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर श्रीराम कथा का पुण्य लाभ लेवे।