देवास। पुलिस अधीक्षक देवास, जो स्वयं उत्कृष्ट विद्यालय के पूर्व छात्र हैं, द्वारा आज उत्कृष्ट विद्यालय के छात्र-छात्राओं से आत्मीय मुलाकात की गई। इस अवसर पर विद्यालय के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट परीक्षा परिणामों के लिए सराहा गया। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष उत्कृष्ट विद्यालय देवास ने शानदार प्रदर्शन किया है। कक्षा 10वीं में जिले के टॉप-10 में से 5 छात्र इसी विद्यालय के रहे हैं, वहीं कक्षा 12वीं में भी टॉप-10 में से 3 विद्यार्थियों ने अपना स्थान बनाया है। साथ ही राज्य स्तरीय मेरिट सूची में भी कक्षा 10वीं एवं 12वीं से एक-एक विद्यार्थी ने स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। पुलिस अधीक्षक द्वारा इन मेधावी विद्यार्थियों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया गया एवं उन्हें उज्जवल भविष्य के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया गया। इस दौरान गणित, बायोलॉजी, साइंस, कॉमर्स सहित विभिन्न स्ट्रीम के विद्यार्थी उपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक द्वारा विद्यार्थियों को सी.ए., एम.बी.बी.एस, आईआईटी एवं अन्य प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई, तथा उन्हें यूपीएससी जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं के बारे में भी बताया गया। मुलाकात के पश्चात सभी छात्र-छात्राओं को पुलिस कंट्रोल रूम का भी भ्रमण कराया गया, जिससे उन्हें पुलिस कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त हुई।
एसपी की पाठशाला: उत्कृष्ट विद्यालय के पूर्व छात्र रहे एसपी देवास ने उत्कृष्ट विद्यालय के छात्र-छात्राओं से की चर्चा, दिया करियर गाइडेंस

