देवास। प्रसिद्ध खेड़ापति मंदिर में पहली बार तरबूजों से भगवान का आकर्षक दरबार सजाया गया। करीब 21 क्विंटल तरबूजों का उपयोग कर मंदिर को भव्य रूप दिया गया, जिसे देखने बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए यह विशेष श्रृंगार किया गया। मंदिर के पुजारी दर्शन उपाध्याय ने बताया कि मंदिर के इतिहास में यह पहला मौका है, जब तरबूजों से इस तरह का विशेष श्रृंगार किया गया है। इस सजावट को तैयार करने में 8 से 10 लोगों की टीम ने लगातार 24 घंटे तक मेहनत की। तरबूजों से सजा भगवान का दरबार मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग मंदिर पहुंचकर दर्शन करते रहे और अनोखे श्रृंगार की तस्वीरें भी लेते नजर आए। पुजारी दर्शन उपाध्याय ने बताया कि गुरूवार तक भक्त बाबा का श्रृंगार कर सकेंगे। शुक्रवार को श्रृंगार उतारने के बाद सभी तरबूज गौशाला में भेंट किए जाएंगे।

