Breaking
13 Jun 2026, Sat

801 पाइनएप्पल और 51 किलो संतरे से होगा श्री खेड़ापति मारुति का विशेष श्रृंगार

देवास। ज्येष्ठ माह के पावन अवसर पर शहर के प्रसिद्ध श्री खेड़ापति मारुति मंदिर में बड़े मंगलवार के उपलक्ष्य में पुनः श्री खेड़ापति सरकार का विशेष एवं आकर्षक श्रृंगार किया जाएगा। मंदिर के पुजारी पं. दर्शन उपाध्याय ने बताया कि इस वर्ष ज्येष्ठ माह में कुल आठ बड़े मंगलवार पड़ रहे हैं, जिनमें प्रत्येक मंगलवार को भगवान का विशेष श्रृंगार एवं भव्य महाआरती का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में छठे बड़े मंगलवार को महात्मा गांधी मार्ग स्थित श्री खेड़ापति मारुति मंदिर में भगवान श्री खेड़ापति सरकार के दरबार को 801 पाइनएप्पल एवं 51 किलो संतरे से सजाया जाएगा। फलों से सुसज्जित यह अनूठा श्रृंगार श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगा। पं. उपाध्याय ने बताया कि भगवान हनुमानजी का मनोहारी एवं अलौकिक श्रृंगार भक्तों को आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति कराएगा। आयोजन के दौरान विशेष पूजा-अर्चना एवं महाआरती भी संपन्न होगी। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की है कि जो भक्त इस विशेष श्रृंगार एवं धार्मिक आयोजन में सहयोग करना चाहते हैं, वे अपनी श्रद्धानुसार दान देकर सहभागी बन सकते हैं। आयोजन के कुछ दिनों बाद श्रृंगार में उपयोग किए गए फलों का प्रसादी के रूप में वितरण किया जाएगा। श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर भगवान श्री हनुमानजी के दिव्य दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया है।