देवास। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में 15 जून से 21 जून तक मध्य प्रदेश की समस्त जेलों में राज्यव्यापी सप्ताहभर का योग अभियान आयोजित किया जा रहा है। मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार आयोजित इस अभियान का शुभारंभ सोमवार को किया गया।कार्यक्रम का उद्घाटन मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय, जबलपुर के मुख्य न्यायाधीश विवेक रूसिया द्वारा केंद्रीय जेल जबलपुर से किया गया। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण प्रदेश की सभी जेलों के साथ जिला जेल देवास में भी किया गया। जिला जेल देवास में आयोजित योग शिविर में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय प्रकाश मिश्र, न्यायिक मजिस्ट्रेट नीलेंद्र तिवारी, जिला विधिक सहायता अधिकारी सुभाष चौधरी, जेल अधीक्षक विद्या भूषण प्रसाद तथा उप जेल अधीक्षक अनिल दुबे सहित जेल स्टाफ एवं बंदी उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर योग के महत्व को समझा और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। अधिकारियों ने बताया कि सप्ताहभर चलने वाले इस अभियान के दौरान योग, प्राणायाम एवं स्वास्थ्य जागरूकता संबंधी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य बंदियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाना, तनाव कम करना तथा उनमें सकारात्मक सोच एवं आत्मविश्वास का विकास करना है।कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति के शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। जेलों में ऐसे आयोजनों से बंदियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने में मदद मिलती है तथा उनके पुनर्वास की प्रक्रिया को भी बल मिलता है।
