Breaking
12 Sep 2026, Sat

जिला जेल देवास में निःशुल्क दंत चिकित्सा शिविर, 63 बंदियों की जांच और 14 का उपचार

*देवास। जिला जेल देवास में बंदियों के बेहतर स्वास्थ्य एवं दंत संबंधी समस्याओं के निराकरण के उद्देश्य से श्री अरविंदो दंत चिकित्सा महाविद्यालय एवं पी.जी. इंस्टिट्यूट, इंदौर के लोक स्वास्थ्य दंत चिकित्सा विभाग द्वारा निःशुल्क दंत चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। जेल अधीक्षक विद्या भूषण प्रसाद की विशेष अनुमति एवं जेल स्टॉफ के सहयोग से आयोजित शिविर में चिकित्सकों की 11 सदस्यीय टीम ने बंदियों का दंत परीक्षण किया। शिविर के दौरान 63 बंदियों की ओपीडी में दंत जांच की गई, जिसमें से 14 बंदियों को आवश्यक दंत उपचार प्रदान किया गया। चिकित्सकों द्वारा दांत एवं मसूड़ों से संबंधित समस्याओं की जांच कर आवश्यक परामर्श और उपचार दिया गया। शिविर में दांतों की सफाई, मसाला भरने एवं आवश्यकता अनुसार दांत निकालने जैसी दंत चिकित्सा सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। इस दौरान बंदियों को नियमित रूप से दांतों की सफाई करने, सही तरीके से ब्रश करने और मौखिक स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही तंबाकू, गुटखा एवं अन्य तंबाकू उत्पादों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी भी दी गई। अरविंदो दंत चिकित्सा महाविद्यालय एवं पी.जी. इंस्टिट्यूट, इंदौर के पीआरओ डॉ. पवन कुमार जैन ने बताया कि जिला जेल देवास में निःशुल्क दंत चिकित्सा सेवा प्रदान करने का अवसर मिला। टीम द्वारा बंदियों की जांच एवं आवश्यक उपचार के साथ उन्हें मौखिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी किया गया। वहीं जेल अधीक्षक विद्या भूषण प्रसाद ने बताया कि बंदियों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए समय-समय पर चिकित्सा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं जेल परिसर में ही उपलब्ध हो सकें।शिविर के सफल आयोजन में जिला जेल देवास के समस्त जेल स्टॉफ का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। अरविंदो दंत चिकित्सा महाविद्यालय की टीम ने जेल प्रशासन एवं स्टॉफ के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।