देवास। राष्ट्रीय युवा वाहिनी नेशनल वालंटियर भाजपा की मध्य प्रदेश स्तरीय महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक सम्पन्न हुई। बैठक का आयोजन राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कमांडर दशरथ सिंह के नेतृत्व में तथा महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पुष्पा चौहान की उपस्थिति में किया गया। बैठक में संगठन के विस्तार, मजबूती और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेष रूप से भारत को वैदिक सनातन राष्ट्र बनाने के संकल्प को लेकर विचार-विमर्श किया गया, जिसमें उपस्थित पदाधिकारियों ने अपने विचार व्यक्त किए और इस दिशा में कार्य करने का संकल्प लिया। इस दौरान जानकारी दी गई कि मध्य प्रदेश में संगठन का तेजी से विस्तार किया जा रहा है और हजारों की संख्या में नए पदाधिकारियों को जोड़ा जा रहा है। प्रत्येक जिले में संगठन के दिशा-निर्देश पहुंचाए जा रहे हैं तथा कार्यकर्ताओं को संगठन के उद्देश्य, सिद्धांत और कार्यशैली से अवगत कराया जा रहा है। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कमांडर दशरथ सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य राष्ट्र सेवा, समाज कल्याण और सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए कार्य करना है। वहीं महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पुष्पा चौहान ने महिलाओं की भागीदारी को सशक्त बनाने पर जोर देते हुए कहा कि संगठन में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों ने एकजुट होकर संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने और भविष्य में अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का संकल्प लिया।

