देवास। धर्म, परंपरा और आस्था के संगम के साथ हिंदू नववर्ष और चैत्र नवरात्रि का आज शुभारंभ हुआ। नवसंवत्सर के पहले दिन से ही प्रसिद्ध माता टेकरी पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमडऩे लगी। सुबह से ही बड़ी संख्या में भक्त माता चामुंडा और माता तुलजा भवानी के दर्शन के लिए पहुंचे।
घटस्थापना और वैदिक मंत्रोच्चार से गूंजा वातावरण
नवरात्रि की शुरुआत घटस्थापना के साथ हुई, जिसमें वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। शाम को महाआरती और भजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो जाएगा। गुड़ी पड़वा के अवसर पर शहर में उत्सव का माहौल रहा। घर-घर में गुड़ी स्थापना कर समृद्धि और विजय का प्रतीक स्थापित किया गया, वहीं लोगों ने तिलक लगाकर और गुड़-धनिया खिलाकर नववर्ष की शुभकामनाएं दीं।
माता टेकरी पर विशेष सजावट और व्यवस्थाएं
देवास टेकरी स्थित बड़ी माता मंदिर में पुजारी मुकेश नाथ और छोटी माता मंदिर में पुजारी योगेंद्र द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना कर नवरात्रि का शुभारंभ किया गया। दोनों मंदिरों में माताओं का विशेष श्रृंगार किया गया और आकर्षक सजावट की गई। पहले दिन देर शाम तक इंदौर, भोपाल सहित अन्य शहरों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई गई है।
श्रद्धालुओं के लिए व्यापक इंतजाम
प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। गर्मी को देखते हुए परिक्रमा मार्ग पर पानी की व्यवस्था, कारपेट बिछाने और छाया के लिए टेंट लगाए गए हैं। सुरक्षा के लिए सीढ़ीद्वार और रपट मार्ग पर सघन जांच की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीम भी तैनात है, जिसमें डॉक्टर, एंबुलेंस, व्हीलचेयर, स्ट्रेचर और दमकल सेवाएं 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी।
कलेक्टर ने परिवार सहित किए दर्शन
कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने अपने परिवार के साथ माता टेकरी पहुंचकर मां तुलजा भवानी और मां चामुंडा के दर्शन किए। उन्होंने जिले की सुख-समृद्धि की कामना करते हुए अधिकारियों को व्यवस्थाओं के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। नवरात्रि के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है, जिससे पूरा देवास शहर इन दिनों भक्ति और उत्साह के रंग में रंगा हुआ नजर आ रहा है।
—————————————

