अभियान का उद्देश्य आने वाली पीढ़ी को स्वच्छ, सुंदर जलवायु और पर्यावरण सौंपना – विधायक पवार
देवास। अमृत हरित महाअभियान-2026 अंतर्गत देवास शहर को हरित, स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत शुक्रवार को शंकरगढ़ पहाड़ी देवास पर वृहद स्तर पर सामूहिक पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित कर 10 हजार पौधों का रोपण किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधिगणों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संस्थाओं, औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, पत्रकारगणों, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिकगणों ने सहभागिता कर पौधारोपण किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए देवास विधायक श्रीमती गायत्री राजे पवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पर्यावरण की रक्षा के लिए देशवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया है। इसी प्रेरणा से पूरे देश में ‘एक पौधा मां के नाम’ अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें सभी पर्यावरण प्रेमी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि शंकरगढ़ पहाड़ी को पूरी तरह हरा-भरा रखना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल ने कहा कि पौधारोपण के इस पावन यज्ञ में शहर की सामाजिक संस्थाओं, प्रशासनिक अधिकारियों और विशेष रूप से स्कूलों के शिक्षक-विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। उन्होंने बताया कि देवास नगर निगम द्वारा शहर को हरा-भरा बनाने के लिए कुल 1 लाख 70 हजार पौधों के रोपण का लक्ष्य रखा गया है। इस लक्ष्य की पूर्ति के लिए निगम प्रशासन द्वारा निरंतर योजनाबद्ध तरीके से पौधारोपण का कार्य किया जा रहा है। अभियान की सराहना करते हुए कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह ने कहा कि शंकरगढ़ पहाड़ी पर वृहद स्तर पर किए जा रहे इस पौधारोपण कार्यक्रम में एक ही दिन में 10 हजार से अधिक पौधों के रोपण का लक्ष्य रखा गया। उन्होंने कहा कि खुशी की बात है कि इतनी बड़ी संख्या में शहरवासियों ने आकर यहाँ पौधों का रोपण किया है। नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन एवं नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में शहर की औद्योगिक इकाइयों, शासकीय व अशासकीय शिक्षण संस्थाओं तथा सभी सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से अब तक कुल 75 हजार पौधों का रोपण किया जा चुका है। इसी कड़ी में आज शंकरगढ़ पहाड़ी पर 10 हजार पौधों का रोपण किया गया। पौधारोपण अभियान में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लीला अटारिया, महापौर श्रीमती गीता अग्रवाल, जिलाध्यक्ष श्री रायसिंह सेंधव, श्री भैरूलाल अटारिया सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद, अपर कलेक्टर शोभाराम सोलंकी, अपर कलेक्टर संजीव जैन सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों, निगम पार्षद, नवनियुक्त एल्डरमेन के साथ बडी संख्या में नागरिकगण, विद्यार्थीगण एवं सामाजिक संस्थाओं एवं विभिन्न विभाग के अधिकारी, कर्मचारीगणों ने पौधारोपण किया।

