Breaking
13 Sep 2026, Sun

साइबर सुरक्षा एवं स्पैम कॉल से बचाव पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित

देवास। अक्षर उपदेश वेलफेयर फाउंडेशन एवं वोडाफोन आइडिया लिमिटेड (व्हीआई) के संयुक्त तत्वावधान में सरस्वती शिशु मंदिर सीबीएसई, मुखर्जी नगर, देवास में “साइबर सिक्योरिटी एवं अनवांटेड कॉल (स्पैम/फ़्रॉड कॉल्स) से बचाव” विषय पर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य श्री राजेश त्रिवेदी ने की, जबकि संचालन अभिभाषक मयंक पाठक ने किया। मुख्य वक्ता जतिन भट्ट (असिस्टेंट जनरल मैनेजर, वोडाफोन आइडिया लिमिटेड) ने विद्यार्थियों एवं उपस्थितजनों को साइबर अपराधों के बढ़ते खतरों से अवगत कराते हुए ऑनलाइन धोखाधड़ी, फिशिंग, फर्जी लिंक, ओटीपी फ्रॉड, बैंकिंग धोखाधड़ी, सोशल मीडिया सुरक्षा तथा स्पैम एवं फ्रॉड कॉल से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत अथवा बैंकिंग संबंधी जानकारी साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या संदेश पर बिना पुष्टि के प्रतिक्रिया न दें। इस अवसर पर श्री लक्ष्मण नागपुरे एवं श्री अफसर अली, दोनों असिस्टेंट जनरल मैनेजर, वोडाफोन आइडिया लिमिटेड, विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने भी प्रतिभागियों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया तथा साइबर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी। कार्यशाला में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं उपस्थित नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा विशेषज्ञों से अपने प्रश्नों के उत्तर प्राप्त किए। आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज में डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं साइबर अपराधों की रोकथाम में जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।