देवास। दस दिवसीय गणेश उत्सव प्रारंभ हो चुका है और गणपति बप्पा की भक्ति में भक्त डूबे हुए हैं। सोमवार को चतुर्थी के साथ ही सही मायने में व्यापारिक सीजन का भी श्रीगणेश हो गया। जिसे लेकर व्यापारियों में खासा उत्साह है। हर भक्त गजानन का मनमोहक स्वरूप को मूर्ति के रूप में अपने घर धूमधाम से गाजे बाज़ों के बीच ले जाते दिखाई दिया। किसी ने अपने घर पर तो किसी ने अपने कार्यालय पर विधिविधान पूर्वक ढोल-ढमाके के साथ स्थापित किया। हर कोई विघ्नहर्ता को अपने घर पर स्थापित करते हुए उनसे सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की प्रार्थना कर रहा था। शहर में रंग बिरंगे गणपति गजानन मन मोह रहे थे।बप्पा का खास दिन गणेश चतुर्थी है। बप्पा के भक्त इस द्विन पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ उन्हें न सिर्फ अपने घर व ऑफिस ले जाते हैं, बल्कि पूजा अर्चना कर एक विशेष स्थान देते हुए उन्हें विराजते हैं। गणेश चतुर्थी पर दिनभर बाजारों में भक्तों की भीड़ रही। शहर के मुख्य बाजार एमजी रोड़, मण्डुक पुष्कर, बीमा चौराहा, भारत माता चौराहा, सुभाष चौक, नावेल्टी चौराहा, जवाहर चौक में खासी रौनक रही। भक्तों ने विभिन्न स्वरूपों की श्री गणेश की प्रतिमाएं खरीदी और विधि-विधान पूर्वक घर व पाण्डाल में विराजित किए। अब से 10 दिनों तक शहर में गणेशोत्सव की धूम रहेगी। आगामी दिनों में नवरात्र, दशहरा, दीपावली का सीजन शुरु होने वाला है। ऐसे में आगामी 3 महीने व्यापारिक दृष्टिकोण से काफी अहम हैं। श्री सिद्धि विनायक गणेश मंदिर नागदा में लगा रहा भक्तों का तांता नागदा स्थित प्राचीन श्री सिद्धि विनायक गणेश मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरु हो गया। देवास शहर के अलावा आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में भक्त मंदिर पहुंचे और भगवान गणेश के दर्शन कर सुख-समृद्धि और निरोगी जीवन की कामना की। गणेश चतुर्थी पर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई। सुबह 7.30 बजे भगवान गणेश की आरती हुई। इसके बाद मंदिर में दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। मान्यता है कि यह मंदिर पांडवों और राजा परीक्षित के समय का है। इसी आस्था के चलते यहां सालभर श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। 10 दिन तक रोज 1000 मोदक से हवन मंदिर के पुजारी मनीष दुबे ने बताया कि गणेश चतुर्थी से लगातार 10 दिनों तक मंदिर परिसर में विशेष हवन किया जाएगा। रोज 1000 मोदक से हवन हो रहा है। यह प्रक्रिया करीब दो से तीन घंटे चलती है। हवन के माध्यम से भगवान गणेश से सभी के सुख, समृद्धि और निरोगी जीवन की कामना की जा रही है।

