Breaking
21 Apr 2026, Tue

नवरात्रि की तैयारियों का संभागायुक्त और आईजी ने लिया जायजा, माता टेकरी का निरीक्षण कियादेवास

देवास। माँ शारदीय नवरात्र पर्व 22 सितंबर से शुरू होगा। इसकी तैयारियों का जायजा लेने के लिए उज्जैन संभागायुक्त आशीष सिंह और आईजी उमेश जोगा गुरुवार को देवास स्थित माताजी की टेकरी पहुंचे। उन्होंने मां तुलजा भवानी और मां चामुंडा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और टेकरी पर की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त आशीष सिंह और आईजी उमेश जोगा ने अधिकारियों को महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नवरात्रि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। अधिकारियों को पार्किंग, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत निर्देश दिए गए। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि श्रद्धालुओं को माताजी के दर्शन सुगमता से मिलें। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए चलायमान दर्शन प्रणाली अपनाने और दर्शनार्थियों को एक स्थान पर अधिक देर तक रुकने न देने के निर्देश दिए गए, ताकि भीड़ का दबाव कम किया जा सके। इस अवसर पर कलेक्टर ऋतुराज सिंह, डीआईजी नवनीत भसीन, पुलिस अधीक्षक पुनीत गहलोद, नगर निगम कमिश्नर दलीप कुमार, अपर कलेक्टर शोभाराम सोलंकी, एएसपी जयवीर सिंह भदौरिया और एसडीएम आनंद मालवीय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।