देवास। शहर में गुरुवार को नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस ने संयुक्त रूप से अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। बस स्टैंड के सामने से मंडी धर्मशाला होते हुए उज्जैन तिराहा तक सडक़ के दोनों ओर फैले अवैध कब्जों पर निगम का बुलडोजर चला। यह कार्रवाई करीब तीन घंटे तक चली, जिससे सडक़ घेरकर बैठे दुकानदारों, गैराज संचालकों और ठेला लगाने वालों में हडक़ंप मच गया। टीम ने सडक़ तक बढ़ाई गई दुकानों को हटाया और अस्थाई कब्जों को तोड़ा। जेसीबी की सहायता से कई टीनशेड भी ध्वस्त कर दिए गए। कई लोगों ने दुकानों के सामने स्थायी रूप से कब्जा कर रखा था, जबकि सडक़ पर ही दोपहिया वाहनों की मरम्मत का काम चल रहा था। टीम ने ऐसे सभी अतिक्रमण हटाते हुए बड़ी मात्रा में सामान जब्त किया। कार्रवाई के दौरान कुछ व्यापारियों ने विरोध प्रदर्शन किया और बिना नोटिस कार्रवाई का आरोप लगाया। निगम अधिकारियों से उनकी बहस भी हुई। कुछ स्थानों पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस बल के कारण स्थिति नियंत्रण में रही। ट्रैफिक डीएसपी एच बाथम ने भी मौके पर पहुंचकर कार्रवाई का निरीक्षण किया। कुछ अतिक्रमणों को छोड़े जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और निगम अमले को फटकार लगाते हुए सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद टीम ने जेसीबी चलाकर बचे हुए टीनशेड और अस्थाई कब्जे भी हटाए। इसी दौरान, ट्रैफिक पुलिस ने सडक़ पर बेतरतीब खड़े वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की। लगभग एक दर्जन से अधिक बाइक क्रेन की मदद से उठाकर थाने पहुंचाई गईं। इस संयुक्त कार्रवाई के चलते पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

