Breaking
15 Sep 2026, Tue

कृपालु के बप्पा की प्रथम आरती में गूंजे गणपति के जयकारपत्रकारों एवं सरस्वती पुत्रों ने भक्तिभाव से की संगीतमय आरती, 11 दिवसीय भोजन प्रसादी का हुआ शुभारंभ

देवास। गणपति बप्पा की भक्ति और सेवा के संदेश से चामुंडा कॉम्प्लेक्स परिसर भक्तिमय नजर आया। संस्था कृपालु परिवार द्वारा गणेशोत्सव के द्वितीय वर्ष में आकर्षक एवं मनमोहक ‘कृपालु के बप्पा’ की स्थापना विधि-विधान एवं हर्षोल्लास के साथ की गई। स्थापना के पश्चात प्रथम दिवस की आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर भगवान श्री गणेश का आशीर्वाद प्राप्त किया।
प्रथम दिवस पर देवास के पत्रकारों एवं सरस्वती पुत्रों ने प्रथम पूजनीय, विघ्नहर्ता एवं बुद्धि के दाता भगवान श्री गणेश जी की संगीतमय आरती कर क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। आरती के दौरान गणपति बप्पा के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा और वातावरण भक्तिमय हो गया।
आरती के पश्चात संस्था कृपालु परिवार द्वारा ‘नर सेवा ही नारायण सेवा’ की भावना के साथ आयोजित 11 दिवसीय भोजन प्रसादी का शुभारंभ भी किया गया। श्रद्धालुओं एवं उपस्थितजनों ने भोजन प्रसादी ग्रहण कर सेवा के इस पुनीत कार्य की सराहना की।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार जगदीश सेन एवं नितिन गुप्ता ने संस्था संयोजक सुमेर सिंह दरबार एवं कृपालु परिवार की पूरी टीम को गणेशोत्सव के द्वितीय वर्ष में धार्मिक आयोजन के साथ सेवा कार्य करने पर शुभकामनाएं एवं बधाई दी। उन्होंने कहा कि भगवान श्री गणेश की आराधना के साथ जरूरतमंदों एवं श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था करना वास्तव में नर सेवा ही नारायण सेवा की भावना को साकार करता है। संस्था संयोजक सुमेर सिंह दरबार ने बताया कि गणेशोत्सव के 11 दिनों तक भगवान श्री गणेश की आरती, पूजा-अर्चना एवं सेवा के विभिन्न आयोजन किए जाएंगे। प्रतिदिन श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था भी रहेगी। संस्था कृपालु परिवार ने देवास शहर एवं आसपास के नागरिकों से आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में चामुंडा कॉम्प्लेक्स परिसर पहुंचकर कृपालु के बप्पा के दर्शन करें, आरती में शामिल हों तथा भोजन प्रसादी ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त करें। उक्त जानकारी अखिलेश पवार द्वारा दी गई।